हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य प्रभात फेरी, विधायक राजेंद्र भांबू व कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने दिखाई हरी झंडी
स्काउट-गाइड, सफाईकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर दिखाया उत्साह; जगह-जगह हुआ स्वागत
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
हर घर तिरंगा अभियान के तहत रविवार को झुंझुनूं शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जिला मुख्यालय पर निकली भव्य तिरंगा प्रभात फेरी में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लेकर निकले स्काउट-गाइड के विद्यार्थी, सफाईकर्मी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी देशभक्ति के इस कारवां का हिस्सा बने। प्रभात फेरी का शहर में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। नगर परिषद आयुक्त राकेश रंगा के संयोजन में आयोजित प्रभात फेरी को कलेक्ट्रेट परिसर के सामने से विधायक राजेंद्र भांबू, जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, भाजपा नेता इंजीनियर प्यारेलाल ढूकिया, विश्वंभर पूनियां और एसडीएम रामकरण बिजारणियां ने वंदे मातरम के जयघोष एवं गीत के बीच हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रभात फेरी के दौरान हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती प्रभात फेरी के स्वागत के लिए जगह-जगह लोग मौजूद रहे।विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में 9 से 14 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर में राष्ट्रीयता एवं देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि झुंझुनूं में जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से तिरंगा प्रभात फेरी का आयोजन इसी भावना के साथ किया गया है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से घर-घर यह संदेश पहुंचाया जा रहा है कि देशभक्ति का जज्बा आज भी युवाओं में पूरी मजबूती के साथ मौजूद है। आने वाली पीढ़ी भी तिरंगे और राष्ट्र के प्रति इसी भावना से प्रेरणा लेगी। जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने कहा कि तिरंगा हमारी आजादी और राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक है। देश को आजादी अनेक कठिन परिस्थितियों और बलिदानों के बाद मिली। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रध्वज के महत्व का अहसास कराने के साथ नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान युवाओं को आजादी के संघर्ष और विभाजन के समय लोगों द्वारा झेली गई कठिनाइयों एवं पीड़ा से भी परिचित कराया जा रहा है, ताकि देश की एकता और अखंडता और अधिक मजबूत हो।।कलेक्टर ने बताया कि जिले में करीब 3 लाख 85 हजार तिरंगे वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एनजीओ और अन्य संगठनों के उत्साहपूर्वक आगे आने से यह संख्या 4 लाख से अधिक होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि हर घर पर तिरंगा लहराने से बच्चों में भी देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रध्वज के महत्व को जानने की जिज्ञासा पैदा होगी। पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय विरासत और देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए हजारों-लाखों लोगों ने अपना बलिदान दिया। युवा पीढ़ी उस बलिदान को न भूले और उसके मन में तिरंगे के प्रति हमेशा सम्मान एवं देशभक्ति की भावना बनी रहे, यही ऐसे आयोजनों की सार्थकता है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और राजस्थान सरकार की ओर से तिरंगे के मान-सम्मान और स्वतंत्रता के गौरव को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। युवाओं को प्रेरित करने के साथ संतों, महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करना तथा देश की विरासत और संस्कृति को आगे बढ़ाना भी इन कार्यक्रमों का उद्देश्य है। नगर परिषद आयुक्त राकेश रंगा ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें तिरंगा यात्रा, वंदे मातरम वाचन, बाइक रैली सहित कई देशभक्ति कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराएं तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महापुरुषों एवं देशभक्तों को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय ध्वज का मान-सम्मान बनाए रखें। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को झुंझुनूं में तिरंगा बाइक रैली आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में निवर्तमान जिला प्रमुख एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी, एएसपी फूलचंद मीणा, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, टीआई कस्तूर वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष बनवारीलाल सैनी, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रवक्ता संजय मोरवाल, रियाज फारूकी, पूर्व पार्षद प्रमोद जानूं, पूर्व पार्षद कुलदीप पूनियां, पूर्व पार्षद महेश जीनगर, दीपक चौधरी उदयपुरवाटी, नगर परिषद स्टोर इंचार्ज रामकरण यादव, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अमित महमिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, स्काउट-गाइड एवं बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
CHURU प्रीमियर लीग-3 का धमाकेदार आगाज 🏏 | तनवीर खान ने किया उद्घाटन | Open Night Cricket Tournament
चूरू में ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत बडी कार्रवही : कंटेनर से 961 कार्टन अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार












