ग्वालियर लॉयनकॉन में पूर्व प्रांतपाल एमजेएफ लॉयन श्रवण केजड़ीवाल इंटरनेशनल प्रेसिडेंट्स अवार्ड से सम्मानित

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
लॉयंस क्लब्स इंटरनेशनल के लॉयनकॉन का भव्य आयोजन दो मई को ऐतिहासिक शहर ग्वालियर में संपन्न हुआ। इस गरिमामयी समारोह में झुंझुनूं के गौरव और पूर्व प्रांतपाल एमजेएफ लॉयन श्रवण केजड़ीवाल को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और अद्वितीय नेतृत्व के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के दो शीर्ष सम्मानों से नवाजा गया। सम्मेलन के दौरान लॉयन श्रवण केजड़ीवाल को दो प्रमुख श्रेणियों में सम्मानित किया गया। उन्हें समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी निरंतर सक्रियता और संगठन के प्रति अटूट समर्पण के लिए प्रतिष्ठित पुरस्कार इंटरनेशनल प्रेसिडेंट्स अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा लॉयंस क्लब्स इंटरनेशनल फाउंडेशन के मुख्य जिला सलाहकार के रूप में उनके प्रभावी मार्गदर्शन और फंड रेजिंग प्रयासों के लिए विशेष चीफ डिस्ट्रिक्ट एडवाइजर अवार्ड प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें लॉयंस इंटरनेशनल के दिग्गज नेताओं के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। जिनमें मुख्य रूप से डीजी (डिस्ट्रिक्ट गवर्नर) सुधीर बाजपेयी, आईडी (इंटरनेशनल डायरेक्टर) पंकज मेहता, एरिया लीडर कुलभूषण मित्तल शामिल थे। इस सम्मान से लॉयंस क्लब झुंझुनूं के पदाधिकारी एवं सदस्यों और स्थानीय प्रबुद्धजनों में हर्ष की लहर है। उनकी इस उपलब्धि को मानवता की सेवा के प्रति उनके दीर्घकालिक दृष्टिकोण की जीत माना जा रहा है।