आरसीएचओ ने भरतिया अस्पताल में एसएनसीयू का किया निरीक्षण

चूरू। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को राजकीय डीबी अस्पताल चूरू में स्थित विशेष नवजात शिशु देखभाल ईकाई (एसएनसीयू) का निरीक्षण किया गया। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विश्वास मथुरिया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान एसएनसीयू की क्रिया विधि, संचालन के बारे मे विस्तार से जानकारी ली गई। डॉ.मथुरिया ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के राज्य स्तर से मिले निर्देशानुसार किए गए निरीक्षण में चिकित्सक, स्टाफ की स्थिति, प्रशिक्षण, विसंक्रमण, उपलब्ध औषधियां, उपकरण के बारे में जानकारी ली गई। साथ ही सुधार के बिन्दुओं पर चर्चा की गई। इस अवसर पर शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ इकराम हुसैन, वरिष्ठ नर्सिंग प्रशिक्षक बजरंग हर्षवाल, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ खुर्शीदा सहित नर्सिंग अधिकारी व एसएनसीयू स्टाफ उपस्थित रहे।