पंचायती राज चुनाव का चतुर्थ एवं अंतिम चरण : खेतड़ी, बबाई, मंडावा व अलसीसर पंचायत समितियों में 14 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति सदस्यों के लिए होगा मतदान, 115 ग्राम पंचायतों में चुनावी प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने कसी कमर


झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
पंचायती राज आम चुनाव -2026 के चतुर्थ एवं अंतिम चरण के मतदान को लेकर जिले में चुनावी तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। शुक्रवार को सुबह 9 बजे सेठ मोतीलाल कॉलेज, झुंझुनूं से मतदान दल अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे। इस चरण में पंचायत समिति खेतड़ी, बबाई, मंडावा एवं अलसीसर क्षेत्र में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को मतदान करवाया जाएगा। चारों पंचायत समितियों में 4 लाख 12 हजार 125 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर गांवों की सरकार के गठन में भागीदारी निभाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि मतदान दलों की रवानगी शुक्रवार सुबह 9 बजे सेठ मोतीलाल कॉलेज से होगी। सभी मतदान दल शुक्रवार शाम तक अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएंगे। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अंतिम चरण के तहत 14 नवंबर, शनिवार को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा।
इसके बाद पंच एवं सरपंच पदों के लिए 15 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी। पंच एवं सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना होगी, जबकि उप सरपंच का चुनाव 17 नवंबर को संपन्न करवाया जाएगा। अंतिम चरण में जिले की चार पंचायत समितियों के अंतर्गत कुल 115 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इनमें खेतड़ी की 30, बबाई की 26, मंडावा की 27 और अलसीसर की 32 ग्राम पंचायतें हैं।
चारों पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्य के कुल 72 वार्ड तथा जिला परिषद सदस्य के 12 वार्डों के लिए मतदान होगा। चुनाव को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। चारों पंचायत समितियों में कुल 447 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इनमें खेतड़ी में 122, बबाई में 101, मंडावा में 104 और अलसीसर में 120 बूथ शामिल हैं। कुल 123 मतदान केंद्रों पर मतदान करवाया जाएगा। मतदान प्रक्रिया की निगरानी एवं व्यवस्थाओं के लिए 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 16 एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
प्रशासन का लक्ष्य सभी मतदान केंद्रों पर समयबद्ध एवं व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करना है। अंतिम चरण में कुल 4,12,125 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें पंचायत समिति खेतड़ी के 1,12,275, बबाई के 94,750, मंडावा के 95,796 तथा अलसीसर के 1,09,304 मतदाता शामिल हैं। अब सबकी नजरें 14 और 16 नवंबर को होने वाले मतदान पर टिकी हैं। चारों पंचायत समितियों में चुनावी सरगर्मियों के बीच प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान करवाने के लिए तैयारियां पूरी करने में पूरी ताकत झोंक दी है।
फैक्ट फाइल
पंचायती राज चुनाव का अंतिम चरण – पंचायत समितियां: 4 (खेतड़ी, बबाई, मंडावा एवं अलसीसर) , कुल ग्राम पंचायतें – 115 , पंचायत समिति वार्ड – 72 , जिला परिषद वार्ड – 12 , कुल मतदान बूथ – 447 , कुल मतदान केंद्र – 123 , सेक्टर मजिस्ट्रेट – 39 , एरिया मजिस्ट्रेट – 16 , कुल मतदाता: 4,12,125 शामिल हैं ।
मतदान कार्यक्रम
13 नवंबर – मतदान दलों की रवानगी, सुबह 9 बजे।
14 नवंबर – जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान।
15 नवंबर – पंच एवं सरपंच पदों के लिए नामांकन।
16 नवंबर – पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान एवं मतगणना।
17 नवंबर – उप सरपंच के चुनाव होंगे ।
















