Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं जर्जर 11 हजार वोल्ट की लाइन के पोल टूटकर खेत में गिरे...

जर्जर 11 हजार वोल्ट की लाइन के पोल टूटकर खेत में गिरे , गांव में दौड़ा हाई वोल्टेज करंट , फ्रिज-पंखे समेत कई उपकरण फुंके

ग्रामीणों का आरोप – कई बार शिकायत के बावजूद नहीं बदले गए जर्जर पोल , गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई , अब मुआवजे और पूरी लाइन बदलने की मांग


बुहाना । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
बुहाना उपखंड की गड़ाखेड़ा ग्राम पंचायत के कलगांव में गुरूवार सुबह 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के जर्जर पोल अचानक टूटकर विक्रम सिंह यादव के खेत में जा गिरे। पोल टूटने के साथ ही हाईटेंशन लाइन के तार नीचे से गुजर रही घरेलू एलटी लाइन के संपर्क में आ गए। इससे गांव के कई घरों में अचानक हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। तेज धमाकों के साथ घरों में लगे फ्रिज, पंखे, आरओ सहित कई विद्युत उपकरण जलकर खराब हो गए। सुबह का समय होने के कारण अधिकांश ग्रामीण घरों में मौजूद थे। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

पोल टूटते ही घरों में होने लगे धमाके, उपकरण हुए खराब

ग्रामीण विक्रम सिंह यादव ने बताया कि 11 हजार वोल्ट की यह बिजली लाइन हिरवा की तरफ से आ रही है। गुरूवार सुबह अचानक बिजली लाइन के पोल टूटकर उनके खेत में गिर गए। पोल टूटने के साथ ही लाइन में फॉल्ट हुआ और हाईटेंशन तार घरेलू एलटी लाइन के संपर्क में आ गए। इसके चलते घरों में सप्लाई होने वाले वोल्टेज में अचानक भारी बढ़ोतरी हो गई। कई घरों में तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते फ्रिज, पंखे, आरओ सहित अन्य विद्युत उपकरण जल गए। अचानक हुए घटनाक्रम से ग्रामीण घबरा गए।

कई बार दी थी सूचना, फिर भी नहीं जागा बिजली निगम

ग्रामीणों का आरोप है कि 11 हजार वोल्ट की लाइन के पोल लंबे समय से जर्जर और क्षतिग्रस्त अवस्था में थे। पोल की खराब हालत को लेकर बिजली निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया गया था। ग्रामीणों ने पोल बदलने और लाइन की मरम्मत करवाने की मांग भी की थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण विक्रम सिंह यादव का कहना है कि यदि समय रहते विभाग ने जर्जर पोल बदल दिए होते तो इस हादसे को रोका जा सकता था।आखिरकार गुरूवार सुबह वही कमजोर पोल टूटकर खेत में गिर गए और गांव के घरों में हाई वोल्टेज पहुंचने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ट्रांसफार्मर का एक पोल भी टूटा हुआ है और उसकी हालत भी खराब बनी हुई है। ऐसे में ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई तो यहां भी कभी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि एक गंभीर घटना सामने आने के बाद भी यदि बिजली निगम ने सबक नहीं लिया और अन्य जर्जर पोल व लाइनों को दुरूस्त नहीं करवाया तो भविष्य में जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली निगम से प्रभावित परिवारों के नुकसान का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जिन परिवारों के फ्रिज, पंखे, आरओ और अन्य विद्युत उपकरण हाई वोल्टेज के कारण खराब हुए हैं, उनके नुकसान की भरपाई की जाए। साथ ही गांव में जर्जर बिजली पोल, क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर पोल और पुरानी बिजली लाइनों की तत्काल जांच करवाकर उन्हें बदला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समय रहते बिजली व्यवस्था दुरूस्त नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

Advertisement