हेल्प डेस्क का शुभारंभ, स्वच्छ दुकानों और मकानों को मिलेगा पुरस्कार , विधायक श्रवण कुमार की मौजूदगी में विकास कार्यों पर मंथन


सिंघाना । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
सिंघाना नगरपालिका में निर्वाचन के बाद आयोजित पहली बैठक में कस्बे की सफाई व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। बैठक में पार्षदों ने सफाई व्यवस्था में कथित लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए वर्तमान सफाई ठेके को निरस्त कर नए सिरे से टेंडर जारी करने की मांग उठाई। पार्षदों ने स्पष्ट कहा कि कस्बे में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना नगरपालिका की प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन जगह-जगह गंदगी और नियमित सफाई के अभाव में आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे में सफाई व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ जिम्मेदार एजेंसी की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। बैठक में कस्बे की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। पार्षदों ने सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने तथा नियमित निरीक्षण व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया। सफाई ठेके को लेकर उठी मांग बैठक का प्रमुख मुद्दा रही। कस्बे को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगरपालिका प्रशासन ने एक अभिनव पहल की घोषणा की।
इसके तहत कस्बे की तीन सबसे साफ-सुथरी दुकानों और तीन स्वच्छ मकानों का चयन कर उनके मालिकों को नगरपालिका की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से व्यापारियों और आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रोत्साहित करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
अब शिकायतों के लिए नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर , हेल्प डेस्क शुरू
आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से नगरपालिका परिसर में हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया। इसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करवा सकेंगे, ताकि संबंधित शाखा के जरिए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। हेल्प डेस्क शुरू होने से आमजन को शिकायतों के समाधान के लिए नगरपालिका कार्यालय में बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
बैठक के पश्चात नगरपालिका परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों और नगरपालिका अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया।।इस अवसर पर विधायक श्रवण कुमार, पालिका अध्यक्ष पिंकी सैनी, डीपी सैनी, उपाध्यक्ष रचना डांगी, पार्षद धर्मपाल सैनी, विनोद कुमार, नरपाल, महावीर प्रसाद, संजय कुमार, बाबूलाल जांगिड़, अमरसिंह एवं सविता सैनी, अधिशाषी अधिकारी जेके गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।












