‘सत्यस्पर्वा-2026’ में पर्यावरण संरक्षण की सीख के साथ एआई-विज्ञान प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बिखेरी छटा


झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शहर के गौरव पथ स्थित एसएस मोदी विद्या विहार में रजत जयंती दिवस के अवसर पर दो दिवसीय 26वें वार्षिकोत्सव ‘सत्यस्पर्वा-2026 : पृथ्वी—जीव कुटुम्बकम्’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नर्सरी से कक्षा चार तक के नन्हें विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य, संगीत एवं लघु नाटिकाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति प्रेम और प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व का प्रेरणादायी संदेश दिया। मुख्य अतिथि कमांडर प्रियंका चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि शशिकांत मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी एवं कनिका मोदी की उपस्थिति में भगवान श्रीगणेश के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि ने बैंड डिस्प्ले के साथ एनसीसी परेड की सलामी ली। विद्यार्थियों ने पीटी ड्रिल, शारीरिक करतब एवं राजस्थानी नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में हाथी, गाय, शेर, हंस, तोता-मैना और मोर-मोरनी के माध्यम से जीव-जगत की विशेषताओं को दर्शाते हुए सभी प्राणियों के प्रति करुणा और संवेदनशीलता रखने का संदेश दिया गया। ‘माटी के स्वर’ की ऑर्केस्ट्रा के साथ संगीतमय प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने संदेश दिया कि पृथ्वी केवल मनुष्य की नहीं, बल्कि समस्त जीव-जंतुओं का साझा घर है।
पेड़-पौधों की रक्षा, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुख्य अतिथि कमांडर प्रियंका चौधरी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि बच्चों में शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, चरित्र निर्माण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना बचपन से ही विकसित की जानी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि कनिका मोदी ने भी विद्यालय की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए शिक्षा के साथ शारीरिक व्यायाम, लोकसंस्कृति एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।।वार्षिकोत्सव में आयोजित विज्ञान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, चित्रकला एवं क्राफ्ट प्रदर्शनी ने भी विशेष आकर्षण बटोरा। विद्यार्थियों ने एआई रडार सिस्टम, ऑटोमैटिक अटेंडेंस सिस्टम, रेन डिटेक्टर, मेडिसिन रिमाइंडर, स्ट्रेस रिलीवर रोबोट, रिमोट कंट्रोल कार, वाटर प्यूरीफायर, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम सहित अनेक विज्ञान एवं तकनीक आधारित मॉडल प्रदर्शित किए।
किसानों के लिए मौसम संबंधी सॉफ्टवेयर, शैक्षणिक वेबसाइट तथा शेखावाटी भित्तिचित्र, मधुबनी कला, मांडणा, झरोखा आर्ट एवं टेराकोटा जैसी लोककलाओं ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्राचार्य विजय मसीह ने विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। परीनिका, कनिष्का, रूबल, आर्यन, दक्ष एवं नव्यांश ने पीपीटी के माध्यम से विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी।
प्री-प्राइमरी प्रभारी एनी मसीह ने स्वागत भाषण में विद्यालय की गौरवशाली यात्रा और समारोह के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। समारोह के अंत में विद्यालय समन्वयक सीए मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल एवं प्राचार्य विजय मसीह ने अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मनीष अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन विभूति एवं खुशी ने किया। आउटडोर कार्यक्रम में अनवी, निधि एवं शिवान्या तथा इनडोर कार्यक्रम में अर्चना शर्मा एवं पूनम के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का संचालन हुआ।
राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्या अग्रवाल, संजय अग्रवाल, आशा अग्रवाल, बबीता मोदी, निधि मोदी, नव्या मोदी, उर्मिला देवी अग्रवाल, वीरेंद्र बजाज, विनोद बरासिया, शिव कुमार पोदार, रश्मि राजगढ़िया, राजकुमार मोरवाल, नितिन अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी, भारत विकास परिषद के पदाधिकारी, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, सीए, चिकित्सक, अधिवक्ता, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं संचालक, व्यवसायी, प्रेस-रिपोर्टर्स, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।












