महावीर मावा भंडार , जोधपुर मिष्ठान भंडार सहित कई प्रतिष्ठानों से घी , नमकीन, मावा, मिठाई, पनीर और चावल के नमूने लिए , जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई


झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
दीपावली एवं त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने झुंझुनूं शहर में व्यापक जांच अभियान चलाया। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर के नेतृत्व में गठित तीन अलग-अलग टीमों ने शहर के प्रमुख बाजारों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर घी, नमकीन, मावा, मिठाई, पनीर, चाय और चावल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हलचल रही। अभियान के तहत टीम ‘ए’ में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपेंद्र सिंह शेखावत, डॉ. विकास शर्मा एवं के.के. फुलवा शामिल रहे। टीम ने शहर के महावीर मावा भंडार से घी एवं नमकीन के नमूने लिए। वहीं जोधपुर मिष्ठान भंडार से छेना टोस्ट का नमूना संग्रहित किया। इसके अलावा एक अन्य प्रतिष्ठान से रसगुल्ला एवं मावा के नमूने भी लिए गए। टीम ‘बी’ में लालूराम यादव, महेंद्र सिंह मेहनतकश, सुखदेव सिंह एवं सुमेर सिंह शामिल रहे।
टीम ने चौथमल श्यामसुंदर प्रतिष्ठान से चाय, जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा एवं मिठाई मावा तथा सुभाष एंड कंपनी से चावल का नमूना संग्रहित किया। टीम ‘सी’ में खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र चतुर्वेदी, नेमीचंद मीणा, डॉ. निक्की चौधरी एवं विनोद कुमारी शामिल रहे। टीम ने गणेश मंदिर, मंडावा रोड स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर के दो, मावा का एक तथा कलाकंद का एक नमूना लिया गया।
सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि संग्रहित किए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शुद्ध मावा, मिठाइयां, घी एवं अन्य खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग का निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा।












