परिवार के साथ गांव गया था पीड़ित, लौटने पर टूटा मिला मुख्य गेट का ताला; पुलिस ने दर्ज किया मामला
अलवर। अरावली विहार थाना क्षेत्र के रामनगर रोड स्थित राधेनगर, मूंगस्का में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात में चोर 55 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठियां, चेन, कानों के कुंडल और चांदी के जेवरात ले गए। पीड़ित रोडवेज विभाग में परिचालक के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव से लौटे तो टूटा मिला ताला
पीड़ित रामेश्वर सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने परिवार के साथ अलवर स्थित मकान से गांव मौलिया गए थे। 6 अक्टूबर को परिवार सहित वापस लौटे तो मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला।घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी का लॉक भी टूटा था। कपड़े और बिस्तर बिखरे पड़े थे। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे 55 हजार रुपये नकद, सोने की दो अंगूठियां, एक सोने की चेन, कानों के कुंडल, चांदी की पायजेब और कमर की कोंदनी गायब मिली।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद पुलिस की 112 गाड़ी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।पीड़ित की रिपोर्ट पर अरावली विहार थाना पुलिस ने 9 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत चोरी का मामला दर्ज किया। मामले की जांच एएसआई फजरुद्दीन को सौंपी गई है। पुलिस चोरी की वारदात की जांच कर रही है।













