Advertisement
Home राजस्थान भरतपुर भरतपुर में कांग्रेस का कब्जा, रानू वाला बनीं जिला प्रमुख; भाजपा की...

भरतपुर में कांग्रेस का कब्जा, रानू वाला बनीं जिला प्रमुख; भाजपा की पूजा जाटव को मिली शिकस्त

भरतपुर की नवनिर्वाचित जिला प्रमुख कांग्रेस प्रत्याशी रानू वाला जिला परिषद चुनाव में जीत के बाद समर्थकों के साथ

31 सदस्यीय जिला परिषद में मतदान के दौरान रानू वाला को मिले 17 वोट, भाजपा प्रत्याशी पूजा जाटव को 14 मत; जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मनाया जश्न

भरतपुर। रिंकू एलिजा
भरतपुर जिला प्रमुख पद के चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज करते हुए जिला परिषद की कमान अपने हाथ में ले ली है। कांग्रेस प्रत्याशी एवं वार्ड संख्या 18 की सदस्य रानू वाला जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। उन्हें चुनाव में कुल 17 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी एवं वार्ड संख्या 13 की सदस्य पूजा कुमारी जाटव को 14 मतों से संतोष करना पड़ा। परिणाम घोषित होते ही जिला परिषद परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह छा गया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर जीत का जश्न मनाया।

सुबह से ही जिला परिषद में रही चुनावी गहमागहमी

जिला परिषद के कृष्णा नगर स्थित सभागार में सुबह 10 बजे निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी कमर चौधरी की देखरेख में चुनाव संपन्न कराया गया। भाजपा ने पूजा जाटव और कांग्रेस ने रानू वाला को अपना प्रत्याशी बनाया। दोनों उम्मीदवारों ने सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किया। इसके बाद 11:30 बजे नामांकन पत्रों की संवीक्षा हुई। दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित था, लेकिन किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया।

सदस्यों को एकजुट रखने में जुटे रहे दोनों दल

मतदान से पहले कांग्रेस और भाजपा ने अपने-अपने जिला परिषद सदस्यों को एकजुट रखने के लिए पूरी ताकत लगाई। कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित सदस्य बस से एक साथ जिला परिषद पहुंचे। उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। परिसर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। दूसरी ओर भाजपा के सदस्य भी एकजुट होकर मतदान केंद्र पहुंचे। भाजपा नेताओं की ओर से बहुमत का दावा किया जा रहा था, लेकिन अंतिम परिणाम कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में रहा।

चार घंटे चली मतदान प्रक्रिया, सभी 31 सदस्यों ने डाले वोट

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया गया। जिला परिषद के सभी 31 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान परिषद कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता जुटे रहे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग की और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मशक्कत की।

विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का रानू वाला ने किया वादा

जिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद रानू वाला ने खुशी जाहिर करते हुए इसे पार्टी और जनता की जीत बताया। उन्होंने सभी जिला परिषद सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि सदस्यों ने उन पर विश्वास जताया है। वे सभी को साथ लेकर जिला परिषद के विकास के लिए काम करेंगी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास, शिक्षा, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।

कांग्रेस नेताओं ने बताया एकजुटता की जीत

चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे पार्टी की एकजुटता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। नेताओं का कहना था कि भाजपा की ओर से बहुमत के दावे किए जाने के बावजूद कांग्रेस ने जिला प्रमुख पद पर जीत हासिल की है। परिणाम के साथ ही भरतपुर जिला परिषद में नए नेतृत्व की शुरुआत हो गई है।

Advertisement