कार्यपालक निदेशक पीडी बोहरा बोले—उत्पादन से बढ़कर श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता , अधिकारियों – कर्मचारियों और संविदा श्रमिकों को दिलाई सुरक्षा शपथ
खेतड़ी। खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स (केसीसी) के सर्विस शाफ्ट मैदान में अजमेर क्षेत्र-1 एवं क्षेत्र-2, उत्तर-पश्चिम क्षेत्र, उदयपुर के तत्वावधान में 40वें खान सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। आयोजन का मुख्य उद्देश्य खदानों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों के बीच सुरक्षा, स्वास्थ्य और श्रमिक कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सुरक्षित खनन संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केसीसी के कार्यपालक निदेशक एवं इकाई प्रमुख पुरुषोत्तमदास बोहरा थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीजीएमएस निरीक्षण दल के टीम लीडर नरेंद्र कुमार, उपमहाप्रबंधक (सिविल) मनीष गवई, भूपेश बंबोरिया, निरीक्षण दल के सदस्य वैभव कामथ, वत्स वीएस एवं डॉ. दीपिका खुराना उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि पीडी बोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष खान सुरक्षा सप्ताह की थीम ‘स्वस्थ खनिक, सुरक्षित खनन, राष्ट्र की उन्नति’ है।
खनन कार्यों में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उत्पादन लक्ष्य हासिल करना महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके लिए सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों से सुरक्षा नियमों और निर्धारित कार्यप्रणालियों का पूरी गंभीरता से पालन करने तथा दुर्घटनामुक्त खनन के सामूहिक लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया।
खान प्रबंधक जगदीश सिंह सोढ़ा ने खदान की विभिन्न परिचालन गतिविधियों में सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन, कार्यस्थल पर सतर्कता और अधिकारियों एवं श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित खनन केवल प्रबंधन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक का सामूहिक दायित्व है। दैनिक कार्यों में सुरक्षा प्रक्रियाओं को अपनाकर ही दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम संभव है।
डीजीएमएस निरीक्षण दल के टीम लीडर नरेंद्र कुमार ने खान सुरक्षा से जुड़े वैधानिक प्रावधानों, निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं के पालन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खदानों में संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान और उनका प्रभावी निराकरण बेहद जरूरी है। सुरक्षा निरीक्षण का उद्देश्य केवल कमियों को चिह्नित करना नहीं, बल्कि सुरक्षित कार्य संस्कृति को निरंतर बेहतर बनाना है।
सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खान सुरक्षा के प्रति जागरूकता केवल एक सप्ताह का अभियान बनकर नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक कर्मचारी की दैनिक कार्यप्रणाली और व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। इस अवसर पर श्रमिक निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह शेखावत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सुरक्षा विषय पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सुरक्षित खनन एवं श्रमिक सुरक्षा का प्रभावशाली संदेश दिया।
वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन गणेश पांडोले ने किया। इस अवसर पर खान अभियंता पंकज सिंह, बिनायक साहू, नागेश राजपुरोहित, जितेंद्र कात्याल, जगमोहन बानरा, मुख्य प्रबंधक संजीव साहू, भूषण रोजा, चेतन जैन, साई कौशिक, चंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के एजीएम, विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

















