Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं 29 सदस्यों का बहुमत , कई दिग्गज दावेदार… फिर 22 साल की...

29 सदस्यों का बहुमत , कई दिग्गज दावेदार… फिर 22 साल की कोमल भंवरिया पर लगी मुहर, झुंझुनूं कांग्रेस के जिला प्रमुख चयन में छिपे हैं कई सियासी संकेत!

झुंझुनूं की नवनिर्वाचित जिला प्रमुख 22 वर्षीय कोमल भंवरिया, कांग्रेस ने अनुभवी दावेदारों के बजाय युवा नेतृत्व को दी प्राथमिकता

ओला – रीटा के नेतृत्व में अनुभवी चेहरों के बजाय युवा नेतृत्व को प्राथमिकता , क्या वरिष्ठ दावेदारों के बीच सहमति बनाना बना चुनौती या कांग्रेस ने गुटीय संतुलन साधने के लिए चुना नया चेहरा? जिला प्रमुख के फैसले ने खोले कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति के कई सवाल!

झुंझुनूं। जिला परिषद की 41 में से 29 सीटों पर जीत, जिले में सांसद से लेकर विधायकों तक प्रभावशाली राजनीतिक नेतृत्व और संगठन में अनुभवी चेहरों की लंबी कतार। इसके बावजूद कांग्रेस ने जिला प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पद के लिए किसी स्थापित राजनीतिक चेहरे पर भरोसा जताने के बजाय पहली बार जिला परिषद का चुनाव जीतकर आईं महज 22 वर्षीय कोमल भंवरिया को जिम्मेदारी सौंप दी।

सांसद बृजेंद्र सिंह ओला और मंडावा विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीटा चौधरी के नेतृत्व में हुए इस चयन ने झुंझुनूं कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। दरअसल, जिला प्रमुख की दौड़ में पूर्व प्रधान सुशीला सीगड़ा, प्रवेश जानू, डॉ. रंजना सुधीन्द्र मूंड और डॉ. निकिता जानू सहित कई नाम चर्चा में थे।

सुशीला सीगड़ा का लंबा पंचायत राज अनुभव और राजनीतिक जनाधार, वहीं अन्य दावेदारों की संगठनात्मक एवं राजनीतिक पृष्ठभूमि भी उनकी दावेदारी को चर्चा में रखे हुए थी। चुनाव से पहले सांसद ओला, विधायक रीटा चौधरी और जिले के अन्य वरिष्ठ नेताओं के बीच नाम को लेकर विचार-विमर्श की खबरें भी सामने आई थीं।

लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इन अनुभवी चेहरों में से किसी एक पर मुहर क्यों नहीं लगी? क्या सांसद ओला और विधायक रीटा चौधरी के बीच किसी नाम को लेकर एकराय नहीं बन पाई? क्या जिले के अन्य कांग्रेस विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की पसंद अलग-अलग थी? या फिर किसी एक प्रभावशाली दावेदार को जिम्मेदारी देने से पार्टी के भीतर राजनीतिक संतुलन प्रभावित होने की आशंका थी? रा

जनीतिक दृष्टि से एक संभावना यह भी है कि कई दावेदारों के बीच किसी एक नाम पर सहमति बनाना आसान नहीं रहा हो और ऐसे में अपेक्षाकृत नया चेहरा सर्वमान्य विकल्प बनकर सामने आया हो। हालांकि इसे किसी नेता के विरोध या असहमति का प्रमाण नहीं माना जा सकता। कोमल भंवरिया के चयन का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक पहलू यह भी है कि जिला प्रमुख पद केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जिले की ग्रामीण राजनीति में प्रभाव और संगठनात्मक प्रतिनिधित्व का बड़ा केंद्र है।

किसी अनुभवी और प्रभावशाली नेता से जुड़े चेहरे को यह पद मिलने पर राजनीतिक प्रभाव का संतुलन भी बदल सकता था। ऐसे में युवा और पहली बार निर्वाचित सदस्य को आगे करना वरिष्ठ दावेदारों के बीच प्रतिस्पर्धा को सीमित रखने और संगठन में नए नेतृत्व को स्थान देने का विकल्प हो सकता है। क्या कांग्रेस ने इसी रणनीति के तहत कोमल का नाम चुना? यह सवाल अब जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय है।

ओला – रीटा की रणनीति में युवा नेतृत्व को प्राथमिकता

झुंझुनूं सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने कोमल भंवरिया के चयन के बाद सार्वजनिक रूप से कहा कि वह निर्वाचित सदस्यों में सबसे युवा और शिक्षित हैं तथा पार्टी नई पीढ़ी को आगे बढ़ाना चाहती है। वहीं मंडावा विधायक – कांग्रेस जिला अध्यक्ष रीटा चौधरी ने भी सभी सदस्यों की सहमति से नाम तय होने की बात कही।

यानी पार्टी नेतृत्व की ओर से युवा नेतृत्व और सर्वसम्मति को चयन का आधार बताया गया है। नगर परिषद में भी कांग्रेस की सफलता के बाद अब जिला परिषद में भी 29 सदस्यों के बहुमत से जिला प्रमुख का पद हासिल करना जिले की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। लेकिन इस बार कांग्रेस की चर्चा सिर्फ जीत को लेकर नहीं, बल्कि नेतृत्व के चयन को लेकर भी है।

कोमल भंवरिया ने 28 मत हासिल कर भाजपा की हर्षिनी कुल्हरी को 16 मतों से पराजित किया। अब उनके सामने ग्रामीण विकास और जिला परिषद की योजनाओं को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी है। झुंझुनूं की कांग्रेस की इस नई राजनीतिक तस्वीर में सबसे बड़ा सवाल जीत-हार का नहीं, बल्कि नेतृत्व चयन का है।

क्या कोमल का नाम वरिष्ठ दावेदारों के बीच सहमति का परिणाम था, क्या यह गुटीय संतुलन की रणनीति थी या वास्तव में कांग्रेस ने भविष्य की राजनीति के लिए युवा नेतृत्व तैयार करने का फैसला किया? यही जिला प्रमुख के चुनाव के पीछे की सबसे महत्वपूर्ण सियासी पड़ताल है।

Advertisement