पुलिस लाइन सभागार में सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक सुनवाई , पेंशन व अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए होगी कार्रवाई
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की पेंशन और अन्य लंबित समस्याओं के समाधान के लिए 14 अक्टूबर को झुंझुनूं पुलिस लाइन सभागार में पेंशन अदालत आयोजित की जाएगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलने वाली इस अदालत में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी अपनी समस्याएं रख सकेंगे। संबंधित समस्याओं की सुनवाई कर उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि पेंशन अदालत का उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है। पेंशन एवं अन्य मामलों को लेकर परेशान हो रहे सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी इस अवसर पर अपनी समस्याएं प्रस्तुत कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि पेंशन विभाग से संबंधित समस्याओं को संबंधित पेंशन विभाग के पास भेजा जाएगा, जबकि राज्य सरकार से जुड़े मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस मुख्यालय भिजवाया जाएगा।
इस प्रक्रिया के माध्यम से समस्याओं का नियमानुसार निस्तारण करवाने का प्रयास किया जाएगा।पुलिस विभाग की ओर से सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से अपील की गई है कि वे अपनी पेंशन एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए 14 अक्टूबर को निर्धारित समय पर पुलिस लाइन सभागार में उपस्थित होकर पेंशन अदालत का लाभ उठाएं।












