Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूरे , झुंझुनूं में...

मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूरे , झुंझुनूं में गूंजा ‘सेवा ज्योति’ का संदेश

झुंझुनूं में सेवा ज्योति यात्रा के दौरान मशाल के साथ भाजपा कार्यकर्ता

विकसित भारत संकल्प सभा में उमड़ा जनसैलाब, मशाल जलाकर निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा , जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को झुंझुनूं में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। दो नंबर रोड स्थित कान्हा मैरिज गार्डन में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ हुई, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आमजन उमड़े। सभा के बाद शहर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई, जिसने पूरे मार्ग को भाजपा के नारों और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने की। जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री खर्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनसेवा से राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायी यात्रा का अनुपम उदाहरण है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं महापुरूषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगीत गायन हुआ। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। सभा के अंत में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने उपस्थित लोगों को विकसित भारत के सामूहिक संकल्प की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में माटी कला बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, विधायक राजेंद्र भांबू, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, रणवीर सिंह गुढ़ा, वीरेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विश्वंभर पूनिया, पूर्व जिलाध्यक्ष बनवारीलाल सैनी सहित जिलेभर के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री वीरपाल सिंह शेखावत ने किया। जनसभा के बाद कान्हा मैरिज गार्डन से हवाई पट्टी सर्किल तक पैदल सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मशाल प्रज्वलित कर यात्रा को रवाना किया। मशाल पूर्व सैनिक मनोज कालेर ने थामी। इसके साथ ही सेवा ज्योति रथ पर दीप ज्योति प्रज्वलित कर यात्रा को आगे बढ़ाया गया।यात्रा के मार्ग में जगह-जगह शहरवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। यात्रा में शामिल कार्यकर्ता लगातार ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ और ‘भजनलाल शर्मा जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।

इससे शहर का माहौल उत्साह और राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। यात्रा के समापन पर हवाई पट्टी सर्किल के मध्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा द्वारा प्रज्वलित मशाल स्थापित की गई। इस अवसर पर जिला महामंत्री योगेन्द्र मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष अजय चाहर, सुनील लांबा, अनिता जांगिड़, जिला प्रवक्ता संजय मोरवाल, अंजू काला, सुधा पंवार, बिमला चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Advertisement