Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं स्कूटी पर निकले सभापति अब्दुल्ला अगवान , गलियों से वार्डों तक परखी...

स्कूटी पर निकले सभापति अब्दुल्ला अगवान , गलियों से वार्डों तक परखी शहर की सफाई व्यवस्था

झुंझुनूं में स्कूटी से सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते नगर परिषद सभापति अब्दुल्ला अगवान

सुबह-सुबह औचक दौरे पर पहुंचे नगर परिषद सभापति , कचरे के ढेर और नालियों की अव्यवस्था पर अधिकारियों को दिए तत्काल सुधार के निर्देश

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
नगर परिषद के सभापति अब्दुल्ला अगवान बुधवार सुबह स्कूटी से शहर के विभिन्न इलाकों के दौरे पर निकले। बिना किसी तामझाम के शहर की गलियों और वार्डों में पहुंचकर उन्होंने सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति और अन्य नागरिक सुविधाओं का मौके पर जायजा लिया। इस दौरान जहां व्यवस्थाओं में खामियां मिलीं, वहां सभापति ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को बुलाकर सुधार के निर्देश दिए। सभापति अगवान ने विभिन्न वार्डों में स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कचरे के ढेर, सड़कों पर जमा मिट्टी तथा नालियों से पानी की अव्यवस्थित निकासी जैसी समस्याएं सामने आईं। उन्होंने अधिकारियों को इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा सफाई व्यवस्था को नियमित रूप से बेहतर बनाने के निर्देश दिए। सभापति ने लाल पहाड़ी क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 7 का भी निरीक्षण किया। इसके बाद वार्ड नंबर 8 के इंद्रा नगर क्षेत्र में चल रहे नाले के निर्माण कार्य का जायजा लिया। नाले के निर्माण में स्थानीय स्तर पर आ रही समस्याओं की जानकारी लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उनका समाधान कराने के निर्देश दिए। सभापति अब्दुल्ला अगवान ने कहा कि पदभार संभालने के बाद से वे नियमित रूप से सुबह शहर का दौरा कर रहे हैं। शहर की व्यवस्थाओं की निगरानी केवल अधिकारियों के भरोसे नहीं छोड़ी जाएगी। वे स्वयं मौके पर जाकर व्यवस्थाओं की स्थिति देखेंगे और जहां भी कमी मिलेगी, उसे तत्काल दुरूस्त कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे शहर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की निगरानी नगर परिषद की जिम्मेदारी है। उनका प्रयास है कि झुंझुनूं शहर में सफाई व्यवस्था बेहतर हो तथा आमजन को सड़क, नाली, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से मिलें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नियमित निरीक्षण और मौके पर कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।

Advertisement