गाड़ाखेड़ा के पास देर रात भीषण सड़क हादसा , 17 वर्षीय दिवेश ने तोड़ा दम , अनिल और तनुज की हालत गंभीर होने पर जयपुर रैफर , गांव माकड़ो में पसरा मातम
सिंघाना । झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
सिंघाना थाना क्षेत्र के गाड़ाखेड़ा के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। चिड़ावा के अडूका गांव में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार तीन युवकों की वैगनआर कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 17 वर्षीय दिवेश की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जयपुर रैफर किया गया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव माकड़ो में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीण संजय भूरिया ने बताया कि माकड़ो निवासी दिवेश (17) पुत्र अमीचंद, अनिल (19) पुत्र विजय सिंह और तनुज (18) पुत्र कमलेश कुमार बाइक पर सवार होकर अपने गांव से चिड़ावा के अडूका गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। तीनों युवक जब गाड़ाखेड़ा और लालचौक के बीच पहुंचे, तभी उनकी बाइक की एक वैगनआर कार से भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल चिड़ावा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को झुंझुनूं रैफर कर दिया।
झुंझुनूं अस्पताल में चिकित्सकों ने दिवेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अनिल और तनुज की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जयपुर रैफर कर दिया गया।
पढ़ाई कर भविष्य संवारने की उम्र में छिन गई दिवेश की जिंदगी
हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि तीनों युवक अभी पढ़ाई कर रहे थे और जिंदगी में आगे बढ़ने के सपने संजो रहे थे। दिवेश के पिता अमीचंद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। जिस बेटे से परिवार को भविष्य की उम्मीदें थीं, उसकी असमय मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया।
एक ओर दिवेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं अनिल और तनुज की जिंदगी के लिए परिजन अस्पताल में चिंतित हैं। घटना की सूचना मिलने पर घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे और हादसे की जानकारी जुटाई। उधर, हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का मौका मुआयना किया। दुर्घटना में बाइक और वैगनआर कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। परिजनों की मौजूदगी में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। एक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिस सफर पर तीनों युवक शादी समारोह की खुशियों में शामिल होने के लिए निकले थे, वह सफर एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया। गांव माकड़ो में दिवेश की मौत की खबर के बाद हर आंख नम है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।



















