Advertisement
Home राजस्थान चूरू किन्नर समाज में आश्रम के नियमों को लेकर विवाद, निष्पक्ष जांच की...

किन्नर समाज में आश्रम के नियमों को लेकर विवाद, निष्पक्ष जांच की मांग

मंजू बाई सहित किन्नर समाज के प्रतिनिधियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा पक्ष, बुजुर्ग किन्नर को धमकियां दिलवाने और गद्दी पर कब्जे की कोशिश के लगाए आरोप

चूरू। जिले में किन्नर समाज के भीतर आश्रम के नियमों और परंपराओं को लेकर विवाद सामने आया है। शनिवार को राजगढ़ गद्दी की मंजू बाई सहित जिले के कुछ किन्नर एसपी कार्यालय पहुंचे और संस्था के नियमों के विपरीत कार्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उन्होंने राजगढ़ गद्दी के एक बुजुर्ग किन्नर को जान से मारने की धमकियां दिलवाने का आरोप भी लगाया।

राजगढ़ गद्दी की मंजू बाई ने बताया कि गुरु अपने शिष्यों को संस्था और आश्रम के नियमों के अनुसार चलने की सीख देते हैं, लेकिन कुछ शिष्य इन नियमों की अवहेलना कर अपने ही गुरुओं के खिलाफ पुलिस प्रशासन को कथित रूप से झूठी और निराधार शिकायतें दे रहे हैं। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि बुजुर्ग किन्नरों को कथित तौर पर गुंडों के माध्यम से धमकियां दिलवाई जा रही हैं। उनके अनुसार, चूरू की गद्दी पर कब्जा करने के उद्देश्य से इस तरह की गतिविधियां की जा रही हैं।

सिद्धमुख की सोनी बाई ने कहा कि कुछ शिष्य आश्रम के नियमों के विपरीत काम कर रहे हैं। प्रशासन को ऐसे मामलों में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज में गद्दी और आश्रम की अपनी परंपराएं एवं नियम हैं, जिनका पालन सभी के लिए जरूरी है।

किन्नर समाज के प्रतिनिधियों ने आमजन से भी अपील की कि वे समाज की परंपराओं और पहचान को समझें तथा किसी के बहकावे में न आएं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

Advertisement