Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू जिला प्रमुख चुनाव: 21 सीटों के बहुमत के बाद भी कांग्रेस...

चूरू जिला प्रमुख चुनाव: 21 सीटों के बहुमत के बाद भी कांग्रेस में सस्पेंस! कौन बनेगा जिला प्रमुख? 25 नवंबर को होगा सियासी शक्ति परीक्षण

जाट और ब्राह्मण महिला चेहरों के बीच उलझा कांग्रेस का समीकरण, कमला देवी, परमा देवी, बबीता भादू और अंजू बाला शर्मा के नाम चर्चा में, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा का दावा- 25 नवंबर को हो सकता है चमत्कार

चूरू। चूरू जिला परिषद चुनाव में 39 में से 21 सीटें जीतकर बहुमत हासिल करने वाली कांग्रेस के सामने अब जिला प्रमुख की कुर्सी पर अपना कब्जा बरकरार रखने की चुनौती है। बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के बावजूद जिला प्रमुख के चेहरे को लेकर पार्टी में अभी तक तस्वीर साफ नहीं हुई है। सामान्य महिला के लिए आरक्षित जिला प्रमुख पद पर जाट और ब्राह्मण महिला चेहरों के बीच राजनीतिक मंथन चल रहा है। वहीं, भाजपा की संभावित रणनीति और राजनीतिक जोड़तोड़ की आशंका ने कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है।

25 नवंबर को होने वाले जिला प्रमुख चुनाव से पहले चूरू की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने अपने नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को एकजुट रखने के लिए बाड़ाबंदी कर रखी है। दूसरी तरफ भाजपा भी चुनाव को लेकर अपनी रणनीति तैयार करने में जुटी है। ऐसे में सवाल यही है कि क्या कांग्रेस अपने 21 सदस्यों के बहुमत के दम पर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर पाएगी या भाजपा कोई नया राजनीतिक समीकरण बनाकर मुकाबले को रोचक बनाएगी?

कांग्रेस में जिला प्रमुख के लिए इन महिला चेहरों की चर्चा

कांग्रेस में जिला प्रमुख पद के लिए कई नाम सामने आ रहे हैं। इनमें वार्ड संख्या 19 से निर्वाचित कमला देवी, वार्ड संख्या 16 की परमा देवी और वार्ड संख्या 5 की बबीता भादू को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। इनके अलावा प्रकाश देवी बुडानिया और नारायण देवी चाहर के नाम भी राजनीतिक चर्चाओं में शामिल हैं।

पार्टी के सामने सबसे बड़ा सवाल जातीय और राजनीतिक संतुलन बनाने का है। जाट महिला चेहरे पर सहमति नहीं बनने की स्थिति में ब्राह्मण समाज से महिला उम्मीदवार को मौका देने की संभावना भी जताई जा रही है। इसी संभावित समीकरण के तहत पूर्व मंत्री स्वर्गीय भंवरलाल शर्मा की पुत्रवधू और वार्ड संख्या 3 से निर्वाचित अंजू बाला शर्मा का नाम भी चर्चा में आया है।हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक किसी भी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है।

सांसद राहुल कस्वां ने संभाली कमान, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की होगी बैठक

जिला प्रमुख के चयन को लेकर सांसद राहुल कस्वां ने नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों से चर्चा की है। बताया जा रहा है कि दो दिन बाद कांग्रेस के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित होगी, जिसमें संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया जाएगा।

कांग्रेस नेता कुलदीप पूनिया के अनुसार, पार्टी के 20 सदस्य बाड़ाबंदी में हैं, जबकि दो सदस्य शादी समारोह के कारण बाहर हैं। पार्टी नेतृत्व सभी सदस्यों को एकजुट रखने और चुनाव तक राजनीतिक समीकरण मजबूत बनाए रखने में जुटा है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस अंतिम समय में किसी अप्रत्याशित चेहरे को भी मैदान में उतार सकती है।

भाजपा के पास 17 सीटें, फिर भी जिला प्रमुख चुनाव में चमत्कार की उम्मीद

जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने 17 सीटों पर जीत दर्ज की है। बहुमत से पीछे रहने के बावजूद भाजपा जिला प्रमुख चुनाव को लेकर मुकाबले से बाहर नहीं मान रही है।भाजपा की ओर से पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह का नाम संभावित उम्मीदवार के रूप में चर्चा में है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक आधिकारिक रूप से उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने बताया कि पार्टी के प्रत्याशियों का प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों को सम्मानपूर्वक वापस भेज दिया गया है। उन्होंने 25 नवंबर के चुनाव को लेकर कहा कि उस दिन चमत्कार भी हो सकता है। उनके इस बयान के बाद जिला प्रमुख चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

पिछले चुनाव की हार का डर, कांग्रेस इस बार नहीं लेना चाहती जोखिम

कांग्रेस के लिए इस चुनाव में सबसे बड़ी चुनौती अपने बहुमत को सुरक्षित रखना है। पिछले पंचायत समिति चुनाव का अनुभव पार्टी के सामने है, जब बहुमत होने के बावजूद राजनीतिक जोड़तोड़ के चलते कांग्रेस अपना प्रधान बनाने में सफल नहीं हो सकी थी।

इसी अनुभव को देखते हुए कांग्रेस इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। पार्टी की रणनीति अपने सदस्यों को एकजुट रखने, संभावित क्रॉस वोटिंग रोकने और अंतिम समय तक राजनीतिक समीकरणों पर नजर बनाए रखने की है।

25 नवंबर को खुलेगा जिला प्रमुख की कुर्सी का राज

चूरू जिला परिषद की 39 सीटों में कांग्रेस के पास 21 और भाजपा के पास 17 सीटें हैं। ऐसे में बहुमत कांग्रेस के पक्ष में दिखाई दे रहा है, लेकिन चुनावी राजनीति में अंतिम फैसला मतदान के दिन ही होगा।अब देखना यह होगा कि कांग्रेस जातीय और राजनीतिक समीकरणों के बीच किस महिला चेहरे पर भरोसा जताती है।

क्या कमला देवी, परमा देवी या बबीता भादू में से किसी को मौका मिलेगा, क्या अंजू बाला शर्मा के नाम पर सहमति बनेगी या पार्टी किसी नए चेहरे को सामने लाएगी?दूसरी ओर भाजपा के ‘चमत्कार’ वाले बयान ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। 25 नवंबर को होने वाला जिला प्रमुख चुनाव चूरू की राजनीति में अगले कार्यकाल की दिशा तय करेगा।

Advertisement