जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने 22 सदस्यों को दिलाई शपथ, प्रमाण पत्र भी किए वितरित; जिला परिषद की 39 सीटों में कांग्रेस को 21, भाजपा को 17 और सीपीआईएम को मिली एक सीट
चूरू। जिला परिषद चुनाव की मतगणना के बाद 20 नवंबर को घोषित परिणामों के तहत शुक्रवार शाम कलेक्ट्रेट परिसर में कांग्रेस के 21 और सीपीआईएम के एक नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य को शपथ दिलाई गई। इस दौरान सभी 22 सदस्यों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पिता सोनी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल, पीसीसी उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया और सांसद राहुल कस्वां की माता कमला कस्वां सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
शपथ लेने वाले कांग्रेस के नवनिर्वाचित सदस्यों में वार्ड 1 से कमला, वार्ड 3 से अंजू बाला, वार्ड 5 से बबीता भादू, वार्ड 6 से प्रशांत, वार्ड 12 से भागीरथ प्रसाद, वार्ड 13 से कमला देवी, वार्ड 14 से रमेश कुमार, वार्ड 15 से छोटूलाल, वार्ड 16 से परमा, वार्ड 18 से नारायणी, वार्ड 19 से कमला, वार्ड 20 से मंजू कंवर, वार्ड 21 से राजकुमार, वार्ड 22 से संतोष, वार्ड 26 से प्रकाश देवी, वार्ड 27 से शिशुपाल सिंह, वार्ड 29 से कुलदीप पूनिया, वार्ड 30 से कुलदीप, वार्ड 31 से विजय कुमार, वार्ड 33 से सत्यवीर सिंह और वार्ड 34 से संजय पूनिया शामिल हैं।
वहीं, सीपीआईएम की ओर से वार्ड 36 से निर्वाचित सुमन ने भी शपथ ली और प्रमाण पत्र प्राप्त किया।जिला परिषद की कुल 39 सीटों में कांग्रेस ने 21, भाजपा ने 17 और सीपीआईएम ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। शपथ और प्रमाण पत्र वितरण के बाद सभी 22 नवनिर्वाचित सदस्यों को शुक्रवार को ही बाड़ाबंदी के लिए रवाना कर दिया गया। जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवंबर को होना है।















