Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं , प्रोएक्टिव मोड में करें...

योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं , प्रोएक्टिव मोड में करें काम – जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग

झुंझुनूं में साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं और लंबित कार्यों की हुई समीक्षा , आरओबी, ऑडिटोरियम व अस्पताल निर्माण को गति देने के निर्देश

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने अधिकारियों को सरकार की फ्लैगशिप एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए प्रोएक्टिव मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं हो और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

बैठक में सम्पर्क पोर्टल, फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन सहित विभिन्न विभागों के कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में प्रधानमंत्री कुसुम योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागवार प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने और जहां कहीं भी कार्य में बाधा आ रही है, उसका समय पर समाधान करवाने के निर्देश दिए।झुंझुनूं में साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग

जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि आवंटन से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण करवाने तथा स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने रेलवे ओवरब्रिज, ऑडिटोरियम और हॉस्पिटल निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गति लाने और इन्हें शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे तथा तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहे।

बैठक में जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राजपाल सिंह, एसीईओ रामनिवास, सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, प्रशासनिक सुधार विभाग की सहायक निदेशक शिवा चौधरी, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक बृजेंद्र राठौड़, जिला रसद अधिकारी संदीप गौड़, उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. विजयपाल कस्वा, कोषाधिकारी प्रेरणा कालेर, सीडीईओ अशोक शर्मा, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी राजेंद्र, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक देवेंद्र चौधरी, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. श्रीराम, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अभिषेक चौपदार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अरविंद ओला तथा पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांबू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement