Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं पेपर देने जा रही युवती को बाइक ने मारी टक्कर , दोनों...

पेपर देने जा रही युवती को बाइक ने मारी टक्कर , दोनों गंभीर

रामपुरा स्टैंड पर सड़क पार करते समय हुआ हादसा , बाइक सवार व युवती को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं किया रैफर

खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के रामपुरा स्टैंड पर रविवार सुबह सड़क पार कर रही युवती को सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक और युवती दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को झुंझुनूं जिला अस्पताल रैफर कर दिया। जानकारी के अनुसार त्यौंदा निवासी आंचु (17) पुत्री कृष्ण कुमार रविवार सुबह करीब 10 बजे आरएससीआईटी की परीक्षा देने के लिए खेतड़ी स्थित राजकीय जयसिंह स्कूल जा रही थी।

रामपुरा स्टैंड पर बस में बैठने के लिए वह सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार कुरंड निवासी रामजीलाल (42) पुत्र प्रभातीलाल और आंचु दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए मेहाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से दोनों को खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

चिकित्सकों की टीम ने जांच एवं उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें झुंझुनूं जिला अस्पताल रैफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि आंचु खेतड़ी में आयोजित आरएससीआईटी की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले ही वह हादसे का शिकार हो गई। घटना की सूचना मिलने पर दोनों घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।

Advertisement