चार सिलाई मशीनें भेंट , नगर पार्षद बनने पर उमर कुरैशी का किया सम्मान
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जरूरतमंद दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लॉयंस क्लब झुंझुनूं और दिव्यांग सेवा संस्थान की ओर से सराहनीय पहल की गई। स्थानीय शहीद कर्नीराम रामदेव पार्क में आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद दिव्यांगों को निःशुल्क चार सिलाई मशीनें भेंट की गईं। मशीनें एमजेएफ लॉयन उमर कुरैशी के आर्थिक सौजन्य से उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष डॉ. देवकीनंदन तुलस्यान ने कहा कि दिव्यांगजनों को सहायता के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास भी किए जाने चाहिए।
सिलाई मशीन जैसी उपयोगी सामग्री उपलब्ध होने से लाभार्थी अपने हुनर को रोजगार का माध्यम बना सकेंगे। इस अवसर पर लॉयंस क्लब के सचिव रघुनाथ पोद्दार, महिपाल सिंह, मांगीलाल सैन, शिवरतन शर्मा, दिव्यांग सेवा संस्थान के अध्यक्ष राकेश सिरोहा, बाबूलाल, राकेश जांगिड़, सोयब लंगा सहित जिलेभर से आए दिव्यांगजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उमर कुरैशी के नगर परिषद पार्षद निर्वाचित होने पर दिव्यांग सेवा संस्थान की ओर से उनका सम्मान किया गया।
संस्था पदाधिकारियों ने उन्हें माला, साफा और शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों को आगे भी जारी रखने और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने पर जोर दिया गया।












