Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं कुठानिया में चोरों का धावा – एक ही रात में तीन जगह...

कुठानिया में चोरों का धावा – एक ही रात में तीन जगह वारदात

कुठानिया गांव में मंदिर और दो मकानों में एक ही रात हुई चोरी की वारदात

मंदिर से धातु की तीन मूर्तियां ले गए चोर , फौजी के घर से लाखों के जेवरात व सामान पार , ग्रामीणों में आक्रोश

सिंघाना। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सिंघाना थाना क्षेत्र के कुठानिया गांव में चोरों ने देर रात एक साथ तीन स्थानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोरों ने आस्था के केंद्र मैंन चौक स्थित गंगा माई मंदिर के साथ दो मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एक ही रात में तीन जगह चोरी होने से ग्रामीणों में भय और रोष का माहौल है। चोरों ने सबसे पहले मैंन चौक स्थित गंगा माई मंदिर को निशाना बनाया। यहां से अष्ट धातु की तीन मूर्तियां चोरी कर ले गए।

सके बाद चोरों ने गांव के फौजी महेंद्र के मकान का ताला तोड़कर लाखों रूपए कीमत के गहने-जेवरात सहित घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। वहीं, राजेंद्र शर्मा के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया और वहां से कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और चोरी की वारदातों पर आक्रोश जताया। सूचना मिलने पर सिंघाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा तीनों घटनास्थलों का मौका मुआयना कर जांच शुरू की।

पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में भी पड़ताल शुरू कर दी है । ग्रामीणों ने आशंका जताई कि चोरों ने वारदात से पहले गांव में रैकी की होगी। इसके बाद बंद पड़े मकानों को चिन्हित कर एक साथ तीन स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। ग्रामीणों ने पुलिस से चोरों की गैंग का जल्द पता लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।

थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि कुठानिया गांव में चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थलों का मौका मुआयना किया है। आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है तथा संदिग्ध लोगों के बारे में भी पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।

Advertisement