रतननगर में 70वीं जिला स्तरीय प्रतियोगिता का समापन; सात्यूं, लालासर, नाहरसरा और मोरथल की टीमों ने भी हासिल किए स्थान
चूरू। पुनीत सोनी
रतननगर के न्यू हीरोज खेल मैदान में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय छात्रा वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उड़वाला की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 और 19 आयु वर्ग में विजेता का खिताब अपने नाम किया। चार दिवसीय प्रतियोगिता का समापन समारोह श्री बृजलाल बुधिया राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, रतननगर के तत्वावधान में आयोजित हुआ। विजेता टीमों को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह नगरपालिका अध्यक्ष चंदा देवी शर्मा की अध्यक्षता तथा थानाधिकारी सुभाषचंद्र के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में एडवोकेट नरेंद्र सैनी, राजेंद्र धीरेन्द्रा, अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल कोच रामप्रसाद टेलर, हरिप्रसाद बुधिया ट्रस्ट के प्रतिनिधि राकेश शर्मा, प्राचार्य संदीप महरोलिया एवं भानुप्रकाश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
दोनों आयु वर्गों में उड़वाला की टीम रही विजेता
प्रतियोगिता संयोजक एवं प्राचार्य अनिल कुमार ने परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि 17 आयु वर्ग में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उड़वाला की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सात्यूं की टीम उपविजेता रही, जबकि नाहरसरा की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं 19 आयु वर्ग में भी उड़वाला की टीम ने बाजी मारी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लालासर की टीम दूसरे और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोरथल की टीम तीसरे स्थान पर रही। हरिप्रसाद बुधिया ट्रस्ट की ओर से विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई तथा टीम के खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
शानदार सर्विस और स्मैश से खिलाड़ियों ने जीता दर्शकों का दिल
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की सटीक सर्विस और आक्रामक स्मैश ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। मुकाबलों के दौरान मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों का माल्यार्पण और स्वागत गीत के माध्यम से अभिनंदन किया गया। इस दौरान हरिप्रसाद बुधिया ट्रस्ट के प्रतिनिधि राकेश शर्मा एवं अन्य अतिथियों ने नगरपालिका अध्यक्ष चंदा देवी शर्मा को उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
खेलों से विकसित होती है टीम भावना
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, धैर्य, त्याग और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने छात्राओं को खेलों में निरंतर भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ शारीरिक शिक्षिका अनिता राठौड़ ने चार दिवसीय प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शिक्षकों, शारीरिक शिक्षकों और प्रतिनियुक्त स्टाफ का आभार जताया।
आयोजन में सहयोग देने वालों का किया सम्मान
प्रतियोगिता की चयन समिति के संयोजक जयसिंह कस्वां, शारीरिक शिक्षकों, प्रतिनियुक्त स्टाफ और विद्यालय स्टाफ को आयोजन में सराहनीय योगदान के लिए मंच पर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में ध्वजावतरण और राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद नगरपालिका अध्यक्ष चंदा देवी शर्मा ने प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता प्रेमप्रकाश एवं इलायची ने किया।













