‘युवाओं का युद्ध, नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत चूरू में हुआ शपथ समारोह; पूर्व सभापति गोविंद महनसरिया ने युवाओं से जागरूकता फैलाने का किया आह्वान
चूरू। पुनीत सोनी
नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को चूरू के अग्रसेन नगर स्थित श्री राम भारती विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में नशामुक्ति शपथ समारोह आयोजित किया गया। राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के आह्वान ‘युवाओं का युद्ध, नशे के विरुद्ध’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
चूरू नगर परिषद के पूर्व सभापति गोविंद महनसरिया ने उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। युवाओं ने प्रतिज्ञा की कि वे न तो स्वयं नशा करेंगे और न ही दूसरों को इसके सेवन के लिए प्रेरित होने देंगे। इसके साथ ही नशे की लत से जूझ रहे लोगों को इससे बाहर निकलने के लिए प्रोत्साहित करने का भी संकल्प लिया।
स्वस्थ समाज के लिए नशे से दूरी जरूरी
समारोह को संबोधित करते हुए गोविंद महनसरिया ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाकर ही स्वस्थ, सशक्त और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा अपने आसपास के लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
विद्यालय स्टाफ और गणमान्यजन रहे मौजूद
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। इनके अलावा कायमखानी समाज के जिला अध्यक्ष मुंशी खान, अमर सिंह दनेवा, मोहन टेलर, अली मोहम्मद भाटी सहित अनेक गणमान्यजन और युवा समारोह में शामिल हुए।
















