– : पुण्यतिथि पर विशेष :-
दुनिया के महान सेनानायकों में शुमार हैं चूरू के लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़

राजस्थान की वीरता का एक गौरवशाली अध्याय हैं राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़, अटूट साहस और अद्वितीय सैन्य नेतृत्व के लिए गर्व से किए जाते हैं याद, 1971 के भारत – पाक युद्ध, बांग्लादेश मुक्ति संग्राम व नाथुला पास की लड़ाई के हीरो कहे जाते हैं देश के सर्वोच्च तीसरे नागरिक सम्मान पद्मभूषण से सम्मानित हुए सगत सिंह राठौड़
चूरू । मनीष कुमार, सहायक जनसम्पर्क अधिकारी, चूरू
मातृभूमि की रक्षा के लिए राजस्थान की धरती के शौयपूर्ण इतिहास में चूरू जिले और शेखावाटी क्षेत्र ने देशप्रेम के भाव को सदैव जीवंत रखा है। यहां के वीर सपूतों ने हमेशा माटी की लाज रखी है और अपने साहस, अटूट देशप्रेम और जोश से मातृभूमि का मान बढ़ाया है। चूरू के अनेकों वीरों ने मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है व यहां पीढ़ियों से जवान मां भारती की रक्षा कर रहे हैं। दुनिया में कुछ लोग नेतृत्व करने के लिए ही पैदा होते हैं। ऐसे ही विलक्षण प्रतिभा और कुशल सैन्य नेतृत्व के लिए पूरे विश्व में नाम कमाने वाले चूरू की धरती के अद्वितीय योद्धा राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित लेफ्टिनेंट जनरल सगतसिंह राजस्थान की शौर्यपूर्ण वीरगाथा का एक गौरवशाली अध्याय हैं। सगत सिंह राठौड़ अपने युद्ध कौशल, अटूट साहस और अद्वितीय सैन्य नेतृत्व के लिए गर्व से याद किए जाते हैं। उनकी वीरता के किस्से उन्हें दुनिया के महान सेनानायकों में शामिल करते हैं। सगत सिंह राठौड़ गोवा मुक्ति संग्राम, 1971 के भारत पाक युद्ध व बांग्लादेश मुक्ति संग्राम व नाथुला पास की लड़ाई के हीरो कहे जाते हैं और भारतीय सेना के प्रेरणास्रोत हैं।
चूरू की धरती से निकलकर भारत- पाक युद्ध का किया नेतृत्व
चूरू की धरती से निकले वीर लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ ने भारत पाक युद्ध का भी नेतृत्व किया और बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में भारतीय सेना की ताकत का लोहा मनवाया। जिले के कुसुमदेसर गांव में 14 जुलाई, 1919 को जन्मे लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ ने 1938 में बीकानेर के डूंगर कॉलेज से इंटरमीडिएट पास कर बीकानेर के महाराजा गंगा सिंह की बीकानेर स्टेट फोर्स (गंगा रिसाला) में नायक पद पर भर्ती से सैन्य जीवन की शुरूआत कर द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अधिकारी के रूप में कमीशन लिया व मिश्र, सीरिया और फिलिस्तीन में अपनी सेवाएं दीं। लेफ्टिनेंट जनरल सगतसिंह को तीन-तीन देशों के साथ युद्ध करने का मौका मिला और उन्होंने इन तीनों देशों के साथ युद्ध में विजय प्राप्त की। परिस्थितियों को समझने और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता, साहस व दूरदर्शिता में इतने अद्भुत प्रतिभा के धनी सगत सिंह पहले ऐसे सैन्य अधिकारी थे, जिन्होंने युद्ध के बाद स्टाफ कॉलेज क्वेटा के प्रतिष्ठित कोर्स सहित दो स्टाफ कोर्स किए।
गोवा मुक्ति-संग्राम : सगत सिंह के सैन्य कौशल से गोवा बना भारतीय गणराज्य का अभिन्न अंग
15 अगस्त, 1947 को भारत ब्रिटिश साम्राज्य की अधीनता से स्वतंत्र हो चुका था, परन्तु अभी तक गोवा में पुर्तगाली शासन बरकरार था। नवंबर, 1961 में ब्रिगेडियर सगतसिंह को 50 पैरा बटालियन की एक डिवीजन के साथ गोवा में तैनात किया गया। ब्रिगेडियर सगतसिंह के नेतृत्व में गोवा मुक्ति अभियान में ऑपरेशन विजय अंतर्गत गोवा में 17 दिसंबर, 1961 को सुबह 4.45 बजे भारतीय सैनिकों ने हमला शुरू किया और 19 दिसंबर, 1961 का गोवा पर कब्जा कर लिया। पुर्तगाल सरकार के प्रधानमंत्री सालाजार ने मैरून बैरेट वाले ब्रिगेडियर सगतसिंह को जिंदा या मुर्दा पकड़ने के लिए 10000 अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित किया, क्योंकि गोवा की राजधानी पणजी में प्रवेश करने वाले वे प्रथम भारतीय सैनिक थे। ब्रिगेडियर सगतसिंह के नेतृत्व में गोवा मुक्ति-संग्राम में मात्र तीन दिन की सैन्य कार्रवाई में गोवा पुर्तगीज कब्जे से आजाद था और पुर्तगाली शासन के अंत के बाद गोवा भारतीय गणतंत्र का अंग बना।
नाथुला पास की लड़ाई में चीनी सैना का तोड़ा भ्रम
इसी क्रम में गोवा मुक्ति-संग्राम के बाद जुलाई, 1965 में सगत सिंह मेजर जनरल के पद पर पदोन्नत होकर सिक्किम स्थित 17 पर्वतीय डिविजन के जीओसी बने। कार्यग्रहण के कुछ ही समय बाद 1965 के युद्ध में पाकिस्तान की सहायता करने के लिए चीन ने भारत को अंतिम प्रस्ताव देकर नाथुला और जलेप ला से अपनी पोस्टें खाली करने की मांग की। भारतीय सेना ने इस क्षेत्र को खाली करने से मना कर दिया और सगत सिंह के नेतृत्व में 1967 में नाथुला में चीनी सैनिकों के साथ घमासान में भारत ने विजय हासिल की। यह पहली बार हुआ कि चीनियों को मुंह की खानी पड़ी, और उनकी ताकत का भ्रम टूट गया। नाथुला लड़ाई में विजय के फलस्वरूप नाथुला आज भी भारत के कब्जे में है।
सन् 1967 में मिजोरम में मिजो उग्रवाद को नियंत्रित करने के लिए शिलोंग में स्थानान्तरण प्राप्त कर उन्होंने दो वर्ष में उग्रवाद पूरी तरह खत्म कर दिया। 17 माउंटेन डिवीजन के जनरल ऑफिसर ऑफ कमांडिंग जीओसी के रूप में सगतसिंह को असाधारण सेवाओं के लिए 26 जनवरी, 1970 को परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। इस युद्ध पर 2018 में बॉलीवुड फिल्म ‘पलटन’ भी बनी है, जिसमें जनरल सगत सिंह की भूमिका जैकी श्रॉफ ने निभाई है।
सगतसिंह और 1971 का भारत-पाक युद्ध भारत के सैन्य इतिहास का गौरवमयी पहलू
सन 1971 एक ऐसा समय है, जिसे याद करना हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण होता है। भारत- पाक युद्ध, 1971 की सफलता में सबसे महत्वूपर्ण योगदान जनरल सगत सिंह का रहा। लेफ्टिनेंट जनरल के पद पर पदोन्नति प्राप्त कर 1970 में सगत सिंह ने 04 कोर की कमान संभाली और 1971 के भारत-पाक युद्ध में 04 कोर का नेतृत्व किया। 4 कोर के जीओसी के रूप में जनरल सगत सिंह का पूर्वी कमान में तीसरा कार्यकाल था। सगत सिंह के नेतृत्व में वर्ष 1971 में 3/4 दिसम्बर की रात को शुरू हुए इस ऑपरेशन के तहत मात्र 14 दिनों में पाकिस्तानी सेना का सर्वनाश कर भारत को शानदार जीत मिली। इस युद्ध में उन्होंने सैनिकों को युद्धक्षेत्र में पहुंचाने और दुश्मन को चकमा देने के लिए हैलो बॉर्न (हैलिकॉप्टर की मदद से) ऑपरेशन करने का उन्नत प्रयोग किया। उन्होंने ढ़ाका पर कब्जा करने के लिए मेघना नदी को हेलीकॉप्टर से पार कर 110 उड़ानों में सैनिक टुकड़ियों को दूसरी तरफ उतार दिया। भारतीय सेना के इतिहास में कोर स्तर के सैनिक अभियान का यह ऐतिहासिक उदाहरण था।
राष्ट्र सेवा में राजस्थान के वीरों की अग्रणी भूमिका — मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
















