Advertisement
Home राजस्थान चूरू दो साल से मायके में रह रही विवाहिता की हुई पति से...

दो साल से मायके में रह रही विवाहिता की हुई पति से सुलह, महिला सुरक्षा केंद्र की पहल से बसा घर

चूरू महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र में पति-पत्नी की काउंसलिंग और सुलह

आपसी मनमुटाव के चलते अलग रह रहे थे पति-पत्नी, काउंसलिंग के बाद साथ रहने पर बनी सहमति; बच्चे के साथ अब नथवाणिया में रहेंगे

चूरू। महिला थाना स्थित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की परामर्श पहल से करीब दो साल से अलग रह रहे पति-पत्नी के बीच सुलह हो गई। आपसी मनमुटाव और विवाद के चलते विवाहिता अपने मायके में रह रही थी। केंद्र की परामर्शदाताओं की समझाइश के बाद दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया।

जानकारी के अनुसार रैगर बस्ती, चूरू निवासी काजल ने 7 सितंबर को महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र में अपने पति के साथ चल रहे आपसी विवाद को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था। केंद्र की परामर्शदाताओं कामिनी और सुमित्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को केंद्र में बुलाकर बातचीत की और आपसी मतभेद दूर करने के लिए समझाइश की।

तीन साल पहले हुई थी शादी

काजल के अनुसार, उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले तारानगर के भलाऊ ताल निवासी विशाल के साथ हुई थी। शादी के करीब एक वर्ष बाद दोनों के बीच मनमुटाव शुरू हो गया और विवाद बढ़ने के बाद काजल अपने पति से अलग होकर मायके आ गई।

इसी दौरान मायके में काजल के एक बच्चे का जन्म हुआ। बच्चा अब करीब दो वर्ष का है और काजल पिछले करीब दो वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। परिवार के लोगों ने भी दोनों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया, लेकिन पहले बात नहीं बन पाई।

परामर्श के बाद साथ रहने का लिया फैसला

7 सितंबर को काजल द्वारा केंद्र में प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद परामर्शदाताओं ने उसके पति विशाल को महिला थाना बुलाया। दोनों से अलग-अलग और साथ में बातचीत कर उनके मतभेदों को समझने तथा वैवाहिक जीवन को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के संबंध में समझाइश की गई।

इसके बाद गुरुवार को पति-पत्नी ने महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र में आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया। विशाल ने भविष्य में आपसी मनमुटाव से बचते हुए वैवाहिक जीवन को बेहतर तरीके से निभाने का संकल्प भी लिया।

अब बच्चे के साथ नथवाणिया में रहेंगे

जानकारी के अनुसार विशाल हनुमानगढ़ के नथवाणिया गांव में कबाड़ का काम करता है। अब काजल और विशाल अपने बच्चे के साथ नथवाणिया गांव में एक साथ रहने के लिए सहमत हुए हैं।

महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की परामर्शदाताओं कामिनी और सुमित्रा की समझाइश और प्रयासों से दोनों के बीच सुलह कराने में भूमिका रही। महिला थाना अधिकारी कुसुमलता के सानिध्य में थाना स्टाफ ने भी पति-पत्नी को समझाइश दी।

Advertisement