भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हजारों भक्तों ने पंगत में बैठकर ग्रहण किया प्रसाद; रतन फौजी एंड पार्टी के भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु
खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत चिरानी की ढाणी लंगरियावाला स्थित हाथीमल भैरूजी महाराज मंदिर में पांचवां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। वार्षिकोत्सव के तहत आयोजित विशाल जागरण, पूजा-अर्चना, महाआरती और भंडारे में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ लगी रही और पूरा क्षेत्र भैरूजी महाराज के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भक्त ईश्वर लाल एवं किशन लाल के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। वार्षिकोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। विधिवत पूजा-पाठ के बाद बाबा को भोग लगाया गया तथा महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर हाथीमल भैरूजी महाराज के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। महाआरती के बाद कन्याओं को भोजन करवाकर एवं दक्षिणा देकर विशाल भंडारे का शुभारंभ किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारा शुरू हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ग्रामीणों और मंदिर कमेटी के सदस्यों ने व्यवस्थाओं को संभालने में सहयोग किया। वार्षिकोत्सव से पूर्व रात को आयोजित विशाल जागरण में सुप्रसिद्ध भजन गायक रतन फौजी एंड पार्टी ने हाथीमल भैरूजी महाराज की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजन शुरू होते ही श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए। भजनों की मधुर धुन और धार्मिक प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नाचते रहे। जागरण के दौरान पूरा पांडाल भैरूजी महाराज की भक्ति से सराबोर नजर आया। पांचवें विशाल जागरण एवं भंडारे को लेकर चिरानी सहित आसपास के गांवों में भी खासा उत्साह रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। पूजा-पाठ, महाआरती, जागरण और भंडारे के चलते पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। इस अवसर पर अखिलेश गुर्जर, सरपंच गोपीराम, रामस्वरूप मुगदम, योगेश, सुल्तान, सुरेंद्र, सुरजाराम, चिरंजीलाल, मालाराम, संजय, राजेंद्र, छाजूराम, संजू, माया देवी, कमला देवी, छोटी देवी, केला देवी, सरोज सहित मंदिर कमेटी के सभी सदस्य एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।










