Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं खेतड़ी में सियासी उलटफेर, भाजपा की गीता सैनी निर्विरोध चेयरमैन बनीं

खेतड़ी में सियासी उलटफेर, भाजपा की गीता सैनी निर्विरोध चेयरमैन बनीं

खेतड़ी नगरपालिका की निर्विरोध चेयरमैन गीता सैनी को प्रमाण पत्र सौंपते एसडीएम

कांग्रेस के टिकट पर पार्षद बनीं गीता ने भाजपा के सिंबल पर दाखिल किया था नामांकन, दूसरा नामांकन नहीं आने पर निर्विरोध निर्वाचन; एसडीएम ने सौंपा प्रमाण पत्र

खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
नगरपालिका चुनाव परिणाम के बाद खेतड़ी की सियासत में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। कांग्रेस के टिकट पर वार्ड 5 से पार्षद निर्वाचित हुईं गीता सैनी अब भाजपा के सिंबल पर खेतड़ी नगरपालिका की चेयरमैन निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई हैं। शुक्रवार को उपखंड अधिकारी सुनील कुमार चौहान ने नगरपालिका परिसर में नवनिर्वाचित चेयरमैन गीता सैनी को निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा। चेयरमैन पद के लिए गीता सैनी की ओर से एकमात्र नामांकन पत्र दाखिल किया गया था। निर्धारित समय सीमा में दूसरा नामांकन दाखिल नहीं होने तथा नाम वापसी की अवधि पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। चेयरमैन पद का चुनाव औपचारिक रूप से 21 सितंबर को होना प्रस्तावित था।खेतड़ी नगरपालिका की निर्विरोध चेयरमैन गीता सैनी को प्रमाण पत्र सौंपते एसडीएम

13 निर्दलीय पार्षदों के बीच भाजपा ने बनाई राह

खेतड़ी नगरपालिका के 25 वार्डों के चुनाव परिणाम में निर्दलीय प्रत्याशियों ने 13 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 8 और कांग्रेस को 4 सीटें मिलीं। नगरपालिका में बहुमत के लिए 13 पार्षदों का आंकड़ा जरूरी था। ऐसे में निर्दलीय पार्षदों के पास बहुमत का आंकड़ा होने से चेयरमैन चुनाव में उनकी भूमिका बेहद अहम मानी जा रही थी। भाजपा की ओर से गीता सैनी को चेयरमैन पद का प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पार्टी के 8 पार्षदों के साथ निर्दलीय पार्षदों का समर्थन जुटाया गया। इसके बाद गीता सैनी ने भाजपा की ओर से चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उनके मुकाबले कोई दूसरा प्रत्याशी सामने नहीं आने से उनका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया।

कांग्रेस से जीतीं पार्षद, भाजपा से बनीं चेयरमैन

गीता सैनी का राजनीतिक सफर इस चुनाव में खास चर्चा का विषय रहा। उन्होंने इस बार कांग्रेस के टिकट पर वार्ड 5 से पार्षद का चुनाव जीता, लेकिन चेयरमैन पद के लिए भाजपा की ओर से नामांकन दाखिल किया। इससे पहले भी गीता सैनी खेतड़ी नगरपालिका की चेयरमैन रह चुकी हैं। इस तरह अब वह दूसरी बार नगरपालिका की अध्यक्ष बनी हैं। एसडीएम सुनील कुमार चौहान ने बताया कि चेयरमैन पद के लिए 21 सितंबर को चुनाव प्रस्तावित था, लेकिन निर्धारित अवधि में दूसरा नामांकन नहीं आने तथा नाम वापसी का समय पूरा होने के बाद गीता सैनी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। गीता सैनी के निर्विरोध चेयरमैन निर्वाचित होने की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका परिसर में मिठाई बांटकर खुशी मनाई। इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष विजेश शाह, पूर्व पार्षद लीलाधर सैनी, पार्षद राहुल सैनी, नगेंद्र सिंह सोढ़ा, भाजपा जिला महामंत्री निखिल शर्मा, सुनील सैनी, सुधीर गुप्ता, लोकराम वर्मा, शेर सिंह, अशोक कुमार और पवन कुमार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Advertisement