बसई पुलिया पर 13 सितंबर को हुआ था हादसा, जयपुर में उपचार के दौरान अजय सिंह की मौत; पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
खेतड़ी।झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड क्षेत्र के बसई पुलिया पर क्षतिग्रस्त सड़क और गड्ढों के कारण चार दिन पहले हुए सड़क हादसे में घायल बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। अजय सिंह का जयपुर में उपचार चल रहा था, जहां गुरूवार शाम उसने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को मेहाड़ा पुलिस ने खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। ढाणी सुराजी पाटन निवासी रतन सिंह ने बताया कि उसका भाई अजय सिंह (37) पुत्र जगदीश सिंह ट्रक चालक था। 13 सितंबर को अजय सिंह मेहाड़ा में खाना खाने के बाद बाइक से बसई नदी स्थित बजरी प्लांट की ओर जा रहा था। वह बसई पुलिया पर पहुंचा तो सड़क पर बने गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से से बचने के प्रयास के दौरान सामने से आ रही गाड़ी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल अजय सिंह को खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे पहले झुंझुनूं और बाद में जयपुर रेफर कर दिया। जयपुर में उपचार के दौरान गुरूवार शाम उसकी मौत हो गई। मृतक अजय सिंह विवाहित था। उसके दो बेटे देवेंद्र (12) और सौरव (11) हैं। हादसे में अजय की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। उसका भाई रतन सिंह मजदूरी करता है। ग्रामीणों ने बताया कि बसई पुलिया की क्षतिग्रस्त सड़क और गड्ढों को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से यहां हादसों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से पुलिया की सड़क की तत्काल मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। मेहाड़ा थाने के एएसआई विद्याधर ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मृतक के भाई की ओर से रिपोर्ट दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।










