Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं में शिक्षक संघ सियाराम का सम्मेलन, तबादला नीति और पे प्रोटेक्शन...

झुंझुनूं में शिक्षक संघ सियाराम का सम्मेलन, तबादला नीति और पे प्रोटेक्शन पर उठी मांग

झुंझुनूं में राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम के जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन में शामिल शिक्षक

राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम के जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन का शुभारंभ, शिक्षकों की समस्याओं पर खुला अधिवेशन; मांग-पत्र तैयार कर सरकार को भेजने पर मंथन

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम जिला शाखा झुंझुनूं का दो दिवसीय जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन शुक्रवार को जेके मोदी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय झुंझुनूं में शुरू हुआ। सम्मेलन में शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर मंथन हुआ। शिक्षकों ने पारदर्शी स्थानांतरण नीति, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, पे प्रोटेक्शन के नाम पर की जाने वाली रिकवरी सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा के मुख्य आतिथ्य तथा जिला शिक्षा अधिकारी एवं डाइट प्राचार्या सुमित्रा झाझड़िया की अध्यक्षता में हुआ। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चिड़ावा डॉ. उमादत्त झाझड़िया, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पिलानी राधेश्याम जीनगर, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी झुंझुनूं सुनीता यादव, सहायक निदेशक समग्र शिक्षा अभियान कपिल कुलहरी तथा राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम जालौर के जिला अध्यक्ष रामनरेश पूनियां विशिष्ट अतिथि रहे। झुंझुनूं में राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम के जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन में शामिल शिक्षकमुख्य वक्ता राजकीय महाविद्यालय मलसीसर के प्राचार्य डॉ. रामकुमार सिंह रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया। जिला अध्यक्ष अशोक कुलहरी के नेतृत्व में जिला कार्यकारिणी एवं ब्लॉक पदाधिकारियों ने अतिथियों का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। जिला मंत्री सुदेश यादव ने संगठन की वर्षभर की गतिविधियों एवं आंदोलनों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा ने शिक्षकों से प्रत्येक कार्य के प्रति सकारात्मक सोच के साथ तत्पर रहने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचारों को अपनाने पर जोर दिया। डाइट प्राचार्या सुमित्रा झाझड़िया ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान झुंझुनूं के राष्ट्रीय स्तर पर नवाचारों के चयन के लिए शिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त नवाचारों को विद्यालयों में लागू करने के साथ शिक्षक अपने कर्तव्य का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करें। मुख्य वक्ता डॉ. रामकुमार सिंह ने ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभाव एवं शिक्षा में बढ़ता राजनीतिकरण’ विषय पर उदाहरणों सहित विस्तृत चर्चा की। उन्होंने संगठन से शिक्षकों के लिए पारदर्शी स्थानांतरण नीति तैयार करने का प्रस्ताव सरकार को भेजने का आह्वान किया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी डॉ. उमादत्त झाझड़िया ने संगठन की भूमिका और महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों से संगठन एवं शिक्षार्थी हित में पूरे जोश के साथ कार्य करने की अपील की। संगठन के प्रदेश महामंत्री उम्मेद सिंह डूडी ने आदर्श नागरिक निर्माण, अनुशासन, नामांकन वृद्धि, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण तथा पे प्रोटेक्शन के नाम पर की जाने वाली अवैध रिकवरी सहित विभिन्न शिक्षक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। वरिष्ठ शिक्षक नेता राजकुमार मूंड ने शिक्षकों से निर्भीक होकर कार्य करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का आह्वान किया। सम्मेलन को अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुनीता यादव सहित प्रदेश कार्यकारिणी के निरंजन लाल शर्मा, वेद प्रकाश, राधेश्याम मान, रणवीर गोदारा, महेश सैनी एवं सुबेन्द्र बिजारणियां ने भी संबोधित किया। सम्मेलन के दौरान आयोजित खुले अधिवेशन में विभिन्न ब्लॉकों से आए शिक्षकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें सामने रखीं। इन समस्याओं और प्राप्त सुझावों पर मंथन के बाद मांग-पत्र तैयार किया गया, जिसे सरकार के समक्ष भेजने की दिशा में चर्चा हुई। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों जगदीश मेचू, रामपाल सिंह, गोरू राम कुलहरी, महेंद्र सिंह पूनिया एवं जयसिंह का सम्मान किया गया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या मे शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। मंच संचालन रामसिंह राहड़ एवं रतिराम धींवा ने किया।

Advertisement