रॉयल चैलेंज के 46 पव्वे और किंगफिशर बीयर की 12 बोतलें बरामद, शराब ले जाने वाली बाइक भी जब्त
मण्डावा।झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ मण्डावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से रॉयल चैलेंज अंग्रेजी शराब के 46 पव्वे और किंगफिशर बीयर की 12 बोतलें बरामद की हैं। शराब के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल नंबर आरजे 18 एसड़बल्यू 9811 को भी जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी झुंझुनूं ग्रामीण नरेश कुमार के सुपरवीजन में मण्डावा थानाधिकारी चन्द्रभान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को थानाधिकारी चन्द्रभान मय जाप्ता गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरजे 18 एसड़बल्यू 9811 नंबर की मोटरसाइकिल को रूकवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक सवार असलम पुत्र घासी खां (42) निवासी वार्ड नंबर 22, कस्बा मण्डावा तथा गौरव पुत्र पवन (30) निवासी वार्ड नंबर 22, कस्बा मण्डावा के कब्जे से रॉयल चैलेंज के 46 पव्वे और किंगफिशर बीयर की 12 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बिना लाइसेंस/अनुमति शराब अपने कब्जे में रखने एवं उसका अवैध परिवहन करने के आरोप में अभियोग पंजीबद्ध कर दोनों को गिरफ्तार किया। शराब एवं मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया। दोनों आरोपियों को 8 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी चन्द्रभान मण्डावा, कांस्टेबल विधाधर , कांस्टेबल मोहन सिंह , कांस्टेबल पपेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कार्रवाई माना जा रहा है।












