Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं महिला महाविद्यालय में NSS अभिविन्यास कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटकों से जागरूकता

झुंझुनूं महिला महाविद्यालय में NSS अभिविन्यास कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटकों से जागरूकता

एनएसएस से सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना होती है विकसित : डॉ. शशि प्रकाश

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सेठ नेतराम मघराज टीबड़ेवाला राजकीय महिला महाविद्यालय में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में एनएसएस अभिविन्यास कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. मनोज कुल्हार ने की। कार्यक्रम में स्वयंसेविकाओं को एनएसएस की कार्यप्रणाली, सेवा गतिविधियों और सामाजिक दायित्वों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में डॉ. विकास भड़िया ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं लक्ष्यों पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेविकाओं को समाज के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने का संदेश दिया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुनीता कुमारी ने स्वयंसेविकाओं द्वारा एनएसएस के तहत किए जाने वाले विभिन्न सेवा कार्यों एवं सामाजिक जागरूकता गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। हिंदी विभाग के सहायक आचार्य किशोर कुमार ने एनएसएस के महत्व पर विचार व्यक्त किए। वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. शशि प्रकाश ने कहा कि एनएसएस से जुड़कर स्वयंसेविकाओं में नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होता है। उन्होंने स्वयंसेविकाओं से समाजहित की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का खास आकर्षण स्वयंसेविकाओं द्वारा प्रस्तुत जागरूकता नाटक रहे। तानिया एवं समूह ने सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर प्रभावी प्रस्तुति दी।

संजना एवं समूह ने बाल विवाह की रोकथाम का संदेश दिया, जबकि चमन प्रकाश एवं समूह ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता पर नाटक प्रस्तुत किया। स्वच्छता पर आधारित प्रस्तुति के माध्यम से संदेश दिया गया कि केवल स्वच्छ भारत अभियान के तहत एक दिन सफाई कर फोटो खिंचवाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। स्वयंसेविका प्रगति ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

प्राचार्य प्रो. डॉ. मनोज कुल्हार ने स्वयंसेविकाओं को अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एनएसएस गतिविधियों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बताया। कार्यक्रम का मंच संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी कल्पना जानू ने किया, जबकि कार्यक्रम अधिकारी जगदीश कुमार ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. अभिलाषा आबूसरिया, डॉ. रघुराज सिंगोदिया, डॉ. अनीता जैफ, डॉ. मनीषा यादव, डॉ. रोहिताश कुमार, अश्विनी, डॉ. पूनम चंद चावला, डॉ. दिव्या चौधरी, सतीश कुमार, जयप्रकाश, राजवीर, डॉ. सुरेंद्र कुमार सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं एनएसएस की सभी स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।

Advertisement