कांग्रेस के टिकट पर पार्षद बनीं गीता सैनी ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में भरा नामांकन, 13 निर्दलीयों के समर्थन से बनेंगी नगर की नई अध्यक्ष
खेतड़ी।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी नगरपालिका के चेयरमैन पद को लेकर चल रही राजनीतिक कवायद बुधवार को निर्णायक दौर में पहुंच गई। चेयरमैन पद के लिए केवल एक नामांकन पत्र दाखिल होने से कांग्रेस के टिकट पर वार्ड 5 से पार्षद निर्वाचित हुईं गीता सैनी का भाजपा प्रत्याशी के रूप में चेयरमैन बनना लगभग तय हो गया है। गीता सैनी ने बुधवार को भाजपा की ओर से चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल किया। वहीं पूर्व चेयरमैन उमराव सिंह की पुत्रवधू एवं वार्ड 13 से निर्वाचित पार्षद किरण बाला ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र खरीदा था, लेकिन निर्धारित समय तक नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में फिलहाल चेयरमैन पद के मुकाबले में गीता सैनी ही एकमात्र प्रत्याशी हैं।
25 वार्डों में निर्दलीयों ने जीतीं 13 सीटें
खेतड़ी नगरपालिका के 25 वार्डों के चुनाव परिणाम में निर्दलीय प्रत्याशियों ने 13 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के खाते में 8 और कांग्रेस को 4 सीटें मिलीं। नगरपालिका में बहुमत का आंकड़ा भी 13 पार्षदों का है। ऐसे में चुनाव परिणाम के बाद निर्दलीय पार्षद चेयरमैन चुनाव में निर्णायक स्थिति में पहुंच गए थे। भाजपा की ओर से गीता सैनी का नामांकन दाखिल किए जाने के साथ पार्टी ने अपने 8 पार्षदों के अलावा निर्दलीय पार्षदों के समर्थन के भरोसे चेयरमैन पद का गणित साध लिया है। दूसरी ओर किरण बाला के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने की संभावना से निर्दलीय पार्षदों के बीच भी अलग समीकरण बनने की चर्चा थी, लेकिन उन्होंने नामांकन दाखिल नहीं किया।
एसडीएम सुनील कुमार चौहान ने बताया कि चेयरमैन पद के लिए चुनाव 21 सितंबर को होना निर्धारित था। लेकिन अब दूसरा नामांकन नहीं आने की स्थिति में 18 सितंबर को नाम वापसी का निर्धारित समय पूरा होने के बाद गीता सैनी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जाएगा।।इस तरह खेतड़ी नगरपालिका के चुनाव परिणाम के बाद चेयरमैन पद को लेकर चल रही सियासी खींचतान फिलहाल एकमात्र नामांकन के साथ थमती नजर आ रही है। खास बात यह है कि कांग्रेस के टिकट पर पार्षद का चुनाव जीतने वाली गीता सैनी अब भाजपा के समर्थन से नगरपालिका की कमान संभालेंगी।













