10 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, ‘मन दर्पण’ के मॉड्यूल से तनाव प्रबंधन और समय पर सहायता के गुर बताए
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से 10 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक मानसिक स्वास्थ्य माह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बुधवार को सूचना सभागार में जिलेभर के चिकित्सकों का ओरियंटेशन आयोजित किया गया। इसमें चिकित्सकों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पहचान, तनाव प्रबंधन और जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर सहयोग उपलब्ध कराने के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
राजकीय बीडीके अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ. कपूर थालौर एवं सीनियर रेजिडेंट डॉ. तुलसी शर्मा ने चिकित्सकों को ‘मन दर्पण’ कार्यक्रम के विभिन्न मॉड्यूल के अनुसार प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान कार्यस्थल पर तनाव की पहचान एवं प्रबंधन, मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति को सहयोग देने तथा आत्महत्या की प्रवृत्ति के संकेतों की पहचान और रोकथाम से जुड़े उपायों की जानकारी दी गई। ‘गेटकीपर एवं एग्जाम स्ट्रेस मैनेजमेंट’ मॉड्यूल के तहत चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। उन्हें बताया गया कि तनावग्रस्त या मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति की समय रहते पहचान कर उसे भावनात्मक सहयोग के साथ आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है। वहीं ‘आई सपोर्ट माय फ्रेंड’ मॉड्यूल के माध्यम से दोस्तों एवं साथियों को मानसिक तनाव के समय सहयोग देने के तरीकों की जानकारी दी गई।
चिकित्सकों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने और जरूरतमंद व्यक्ति को उचित सहायता तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य माह के दौरान जिले के चिकित्सा एवं शिक्षण संस्थानों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी ब्लॉकों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
यह रहेगा अभियान का कार्यक्रम
17 से 19 सितम्बर: युवा मन एवं मानसिक स्वास्थ्य , 21 से 26 सितम्बर: ‘ आई सपोर्ट माय फ्रेंड’ , 28 सितम्बर से 3 अक्टूबर: गेटकीपर एवं एग्जाम स्ट्रेस मैनेजमेंट , 5 से 9 अक्टूबर: वर्कप्लेस स्ट्रेस मैनेजमेंट , 10 अक्टूबर: मानसिक स्वास्थ्य माह अभियान का समापन होगा । अभियान के माध्यम से “स्वस्थ मन – |सशक्त युवा – समृद्ध राजस्थान” के संदेश के साथ मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, तनाव प्रबंधन को प्रोत्साहित करने तथा जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 एवं 18008914416 पर संपर्क किया जा सकता है।












