Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू में विश्व ओजोन दिवस पर जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण...

चूरू में विश्व ओजोन दिवस पर जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

चूरू नेचर पार्क में विश्व ओजोन दिवस पर जागरूकता रैली निकालते विद्यार्थी

नेचर पार्क में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों ने रैली के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

चूरू। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर वन विभाग के सौजन्य से बुधवार को नेचर पार्क, चूरू में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय वन सेवा के अधिकारी एवं उपवन संरक्षक संदीप कुमार ने की। इस वर्ष कार्यक्रम “ग्लोबल एक्शन फॉर ए कूलर प्लैनेट” थीम पर आयोजित किया गया।

उप वन संरक्षक संदीप कुमार ने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी पर जीवन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि ओजोन परत को नुकसान पहुंचाने वाले सीएफसी आधारित उपकरणों के उपयोग को न्यूनतम करने की आवश्यकता है। ओजोन परत के संरक्षण से सूर्य से आने वाली पराबैंगनी किरणों के दुष्प्रभावों से पृथ्वी पर रहने वाले जीव-जंतुओं और पादपों की रक्षा में मदद मिलती है।

विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने ओजोन परत संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली। रैली में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भाग लिया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और ओजोन परत को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।

इसके बाद विश्व ओजोन दिवस की थीम पर चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रतिभागिता पुरस्कार दिए गए, जबकि प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।

पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित विद्यार्थियों, वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ओजोन परत के संरक्षण तथा पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।इस अवसर पर सहायक वन संरक्षक चूरू मनीष कुमार, रेंजर वन सुरक्षा आशुतोष शर्मा, रेंजर चूरू महेश जाखड़ सहित वन विभाग के मंत्रालयिक एवं फील्ड स्टाफ मौजूद रहे।

Advertisement