अनियमितता मिलने पर एक कियोस्क धारक को नोटिस, निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई
झुंझुनूं । अजीत जांगिड
ई-गवर्नेंस सेवाओं में पारदर्शिता और आमजन को निर्धारित शुल्क पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, ब्लॉक-झुंझुनूं की ओर से ई-मित्र कियोस्कों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। विभाग की अलग-अलग टीमों ने अगस्त 2026 में उपखंड क्षेत्र के 30 ई-मित्र कियोस्कों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और शुल्क वसूली की जांच की। निरीक्षण के दौरान एक ई-मित्र कियोस्क पर अनियमितता सामने आने पर संबंधित कियोस्क धारक को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। विभाग की कार्रवाई से ई-मित्र संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति रही।
विभाग के प्रोग्रामर विनोद कुमार सैनी ने बताया कि ई-मित्र कियोस्कों पर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क और विभागीय नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नियमित रूप से निरीक्षण किए जा रहे हैं। औचक जांच के दौरान व्यवस्थाओं, सेवा प्रक्रिया और शुल्क वसूली सहित विभिन्न बिंदुओं को देखा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन या अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य ई-मित्र सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ आमजन को निर्धारित शुल्क पर बेहतर एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना है।













