Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं सिंघाना में 79.52% मतदान, वार्ड 33 में सबसे ज्यादा 89.60% वोटिंग

सिंघाना में 79.52% मतदान, वार्ड 33 में सबसे ज्यादा 89.60% वोटिंग

सिंघाना नगरपालिका चुनाव में मतदान केंद्र पर वोट डालते मतदाता

20,630 में से 16,405 मतदाताओं ने डाले वोट; वार्ड 33 में सबसे ज्यादा 89.60%, वार्ड 30 में सबसे कम 62.96% मतदान

सिंघाना। झुंझुनूं । अजीत जांगिड
नगर पालिका चुनाव के तहत शुक्रवार को सिंघाना के 35 वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही रही। कुल 20,630 मतदाताओं में से 16,405 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह नगरपालिका क्षेत्र में 79.52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 35 वार्डों में कुल 221 प्रत्याशियों का चुनावी भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। मतदान को लेकर प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात रहा। अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थान पर जमा कराया गया।

फर्जी मतदान के आरोप पर बूथों पर हंगामा, पांच हिरासत में

मतदान के दौरान दोपहर में बूथ संख्या 5, 6 और 7 पर फर्जी वोट डालने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। वार्ड 6 के निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशी पर फर्जी वोट डलवाने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और मौके पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं और तीन युवकों सहित पांच जनों को हिरासत में लिया। बाद में सभी को शांतिभंग के मामले में पाबंद कर छोड़ दिया गया। इस दौरान चुनाव पर्यवेक्षक भगवत सिंह ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से मतदान करवाने के निर्देश दिए।

वार्ड 33 में सबसे ज्यादा वोटिंग, वार्ड 30 में सबसे कम

मतदान प्रतिशत के लिहाज से वार्ड 33 सबसे आगे रहा। यहां कुल 779 मतदाताओं में से 698 ने मतदान किया। वार्ड में 89.60 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं वार्ड 30 में सबसे कम 62.96 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 1,096 मतदाताओं में से 690 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पुलिस-प्रशासन की सतर्कता के चलते विवाद की स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। सहायक रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल बिजारणियां ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने पर मतदान कर्मियों, पुलिस प्रशासन एवं सिंघाना नगरपालिका कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सकी।
चुनाव के दौरान एएसपी सुभाष गोदारा, खेतड़ी एसडीएम सुनील कुमार चौहान, बुहाना डीएसपी मंजू चौहान, सहायक रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल बिजारणियां, सीआई सुगन सिंह, खेतड़ी सीआई बुद्धि प्रसाद, सीआई दलीप सिंह, डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement