Advertisement
Home राजस्थान चूरू एनएच-52 पर ट्रक के केबिन से 4.920 किलो डोडा पोस्त बरामद, दो...

एनएच-52 पर ट्रक के केबिन से 4.920 किलो डोडा पोस्त बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

चूरू में एनएच-52 पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में ट्रक से 4 किलो 920 ग्राम डोडा पोस्त बरामद और दो आरोपियों की गिरफ्तारी से संबंधित समाचार

चूरू कोतवाली पुलिस की नाकाबंदी में पकड़े गए पंजाब निवासी आरोपी, ट्रक सहित मादक पदार्थ जब्त

चूरू। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने एनएच-52 पर लांबा पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 4 किलो 920 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ ट्रक को जब्त कर पंजाब निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ट्रक की तलाशी में मिला डोडा पोस्त

कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, थानाधिकारी हंसराज गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान एनएच-52 पर चूरू की तरफ से आ रहे पंजाब नंबर के एक ट्रक को लांबा पेट्रोल पंप के पास रुकवाया गया।

पुलिस के मुताबिक, ट्रक में सवार दोनों व्यक्ति घबरा गए। संदेह होने पर पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन में सीट के नीचे रखे सफेद प्लास्टिक के कट्टे से 4 किलो 920 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।

पंजाब निवासी दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पंजाब के पटियाला निवासी 54 वर्षीय बलविंदर सिंह और 43 वर्षीय हाकम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने डोडा पोस्त और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को जब्त कर लिया है।

सदर थाना अधिकारी कर रहे जांच

मामले की आगे की जांच सदर थाना अधिकारी इंद्रलाल महर्षि को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था।

Advertisement