गणेश महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज, 25 सितंबर को शोभायात्रा के साथ होगा प्रतिमा विसर्जन
हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
स्वर्णकार सभा एवं मराठा मंडल टाउन की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला गणेश महोत्सव इस बार भी श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। टाउन स्थित सोनी मार्केट में पिछले 35 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस धार्मिक आयोजन को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह है। गणेश महोत्सव की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ शनिवार को भूमि पूजन के साथ किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम में स्वर्णकार एवं मराठा समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
स्वर्णकार सभा के अध्यक्ष मुरलीधर सोनी ने बताया कि 14 सितंबर को दोपहर 12 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गणेश जी की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। प्रतिमा स्थापना के बाद शाम को भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इसमें समाज के सभी वर्गों के लोगों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम महाआरती होगी। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न आयोजन भी किए जाएंगे।
मुरलीधर सोनी ने कहा कि गणपति उत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और एकता का संदेश देने वाला पर्व भी है। गणेश महोत्सव के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर आने और उत्सव में सहभागी बनने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि आयोजन को लेकर समाज के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं तथा सभी को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को गणपति बप्पा की प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थान तक पहुंचेगी, जहां विधि-विधान और श्रद्धा के साथ गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन यात्रा को लेकर भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से गणेश महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।
भूमि पूजन के दौरान अध्यक्ष मुरलीधर सोनी के अलावा भागीरथ सहदेव, कैलाश कड़ोल, विनोद सहदेव, प्रेम जांगलवा, संजय धूपड़, दीपक नारनौली, अमित रोड़ा, बिट्टू सोनी, मनोज जोड़ा, अभिषेक सोनी, पवन ढल्ला, बजरंग मराठा, गंगाराम मराठा, पांडे मराठा, अमित मराठा, बाबू मराठा, जितेंद्र मराठा सहित अन्य समाजजन एवं सदस्य मौजूद रहे।












