पहचान छिपाकर लगातार बदल रहा था ठिकाने, सूचना तंत्र और तकनीकी निगरानी से पुलिस ने कसा शिकंजा
खेतड़ी । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पुलिस थाना मेहाड़ा की टीम ने चोरी के प्रकरण में करीब दो साल से फरार चल रहे 5 हजार रूपये के इनामी वांछित आरोपी राजेन्द्र उर्फ राजू को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने सूचना तंत्र एवं तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी का पीछा करते हुए उसे हरियाणा के ग्राम मोहनपुर की बणी से गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा खेतड़ी वृताधिकारी राजेन्द्र कुमार बुरडक के सुपरविजन में मेहाड़ा थानाधिकारी रामनारायण चोयल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार चोरी के प्रकरण में करीब दो साल से फरार आरोपी राजेन्द्र उर्फ राजू की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम ने थाना क्षेत्र के अलावा हरियाणा, दिल्ली, गुरूग्राम, रेवाड़ी, पंजाब एवं गुजरात सहित संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश और तलाश की। आरोपी गिरफ्तारी के भय से अपनी पहचान छिपाकर लगातार लोकेशन बदल रहा था। इसके बावजूद पुलिस टीम ने सूचना तंत्र एवं तकनीकी माध्यमों की सहायता से आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को आरोपी के हरियाणा क्षेत्र में होने की सूचना मिली। टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 सितंबर 2026 को हरियाणा के ग्राम मोहनपुर की बणी से राजेन्द्र उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेन्द्र उर्फ राजू पुत्र ताराचंद, जाति जाट, उम्र 60 वर्ष, निवासी मेहाड़ा जाटुवास के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज है और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से 5,000 रूपये का इनाम घोषित था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में थानाधिकारी रामनारायण चोयल, सउनि विधाधर, कांस्टेबल अजय कुमार , कांस्टेबल रोहिताश तथा कांस्टेबल महेन्द्र शामिल रहे। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी में कांस्टेबल रोहिताश का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। आरोपी से चोरी के प्रकरण को लेकर आगे पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
मेहाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध नशीले कैप्सूल के मुख्य सप्लायर किशनसिंह को दबोचा












