मेहाड़ा पुलिस का अवैध खनन पर बड़ा प्रहार: बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली व ट्रेलर जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

Screenshot

खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में अवैध खनन और बजरी के अवैध निर्गमन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मेहाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक ट्रेलर को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी खेतड़ी जुल्फीकार अली के निकट सुपरविजन में थाना अधिकारी मेहाड़ा राममनोहर के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। जानकारी के अनुसार कांस्टेबल रोहिताश की सूचना पर खेतड़ी-निजामपुर रोड स्थित पुरानी चौकी मेहाड़ा के सामने विशेष नाकाबंदी की गई। इस दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा एक ट्रेलर को रुकवाकर जांच की तो दोनों वाहनों में अवैध बजरी भरी हुई मिली। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नांगलिया गुर्जरवास निवासी 34 वर्षीय लालचंद पुत्र शीशराम तथा ढाणी लगरिया तन चिरानी निवासी 45 वर्षीय शीशराम पुत्र बनवारीलाल शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम-1957 तथा भारतीय न्याय संहिता-2023 की विभिन्न धाराओं में पृथक-पृथक मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस प्रभावी कार्रवाई में थाना अधिकारी राममनोहर के साथ एचसी अमरचंद, कांस्टेबल रोहिताश, कांस्टेबल देशराज एवं चालक कांस्टेबल होशियार सिंह की सराहनीय भूमिका रही।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन और बजरी परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रतनपुरा में पेयजल संकट पर RLP का बड़ा प्रदर्शन, 60 दिन में समाधान नहीं तो आर-पार की लड़ाई