Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं सिंघाना की 22 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 133 प्रत्याशी...

सिंघाना की 22 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 133 प्रत्याशी मैदान में

झुंझुनूं की सिंघाना पंचायत समिति की 22 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव के लिए नाम वापसी के बाद 133 प्रत्याशियों की चुनावी स्थिति

पचेरी खुर्द में सबसे ज्यादा 14 उम्मीदवार , डूमोली खुर्द और भैसावता खुर्द में सीधा मुकाबला , नाम वापसी के बाद चुनावी तस्वीर साफ

सिंघाना । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में सिंघाना पंचायत समिति की 22 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 133 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रह गए हैं। प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित होने के साथ ही गांवों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कहीं आमने-सामने की सीधी टक्कर है, तो कहीं प्रत्याशियों की अधिक संख्या ने मुकाबले को बहुकोणीय बना दिया है।

चुनावी मुकाबले में सबसे ज्यादा प्रत्याशी पचेरी खुर्द ग्राम पंचायत में 14 हैं। वहीं, डूमोली खुर्द और भैसावता खुर्द में सरपंच पद के लिए केवल दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं। अन्य ग्राम पंचायतों में भी प्रत्याशियों की संख्या के अनुसार चुनावी समीकरण बन रहे हैं। अब सभी की नजरें मतदान और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल बिजारणियां ने बताया कि सिंघाना पंचायत समिति के अधीन आने वाली 22 ग्राम पंचायतों में नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 133 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

सरपंच पद के लिए होने वाले मतदान को लेकर सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि मतदान निर्धारित समय तक चलेगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे तथा निर्वाचित सरपंच को प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। मतदाता सरपंच और पंच पद के लिए अलग-अलग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

किस ग्राम पंचायत में कितने प्रत्याशी?

14 प्रत्याशी – पचेरी खुर्द में , 10 प्रत्याशी – बाग में , 9 प्रत्याशी – श्यामपुरा मैनाना में , 8 प्रत्याशी – मोई भारू, थली में 7 प्रत्याशी – घरड़ाना खुर्द, हिरवा, रायपुर जाटान, ढाढोत कलां में , 6 प्रत्याशी – खानपुर, मुरादपुर, शाहपुर, भोदन में , 5 प्रत्याशी – मोई सद्दा में , 4 प्रत्याशी – गाड़ाखेड़ा, घरड़ाना कलां, माकड़ो, पुहानिया, सांवलोद में , 3 प्रत्याशी – डूमोली कलां में तो 2 प्रत्याशी – डूमोली खुर्द, भैसावता खुर्द में मैदान में हैं । कुल 22 ग्राम पंचायतों में 133 प्रत्याशी सरपंच पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। अब गांवों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और प्रत्याशी मतदाताओं का समर्थन जुटाने में लगे हैं।

Advertisement