Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं उदयपुरवाटी में 7.70 लाख की संदिग्ध नकदी जब्त, चुनावी निगरानी में कार्रवाई

उदयपुरवाटी में 7.70 लाख की संदिग्ध नकदी जब्त, चुनावी निगरानी में कार्रवाई

झुंझुनूं नगर निकाय चुनाव 2026 में मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी की अपील

 

भैरूघाट पर नाकाबंदी में इनोवा की डिग्गी से मिले 7,70,400 रूपये, चालक नहीं दे सका संतोषजनक जवाब

उदयपुरवाटी। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर पुलिस की सघन निगरानी के बीच उदयपुरवाटी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 लाख 70 हजार 400 रूपये की संदिग्ध नकदी जब्त की है। पुलिस ने राशि को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक जिला झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन एवं नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में उदयपुरवाटी थानाधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 7 सितंबर 2026 को उप निरीक्षक संतोष मय जाप्ता वाहन 112 से थाना उदयपुरवाटी से रवाना होकर भैरूघाट उदयपुरवाटी में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस ने इनोवा कार नंबर एमएच 15 केके 9493 को रूकवाकर उसकी जांच की। वाहन की पीछे की डिग्गी में रखे एक बैग की तलाशी लेने पर उसमें 7,70,400 रूपये नकद मिले। इतनी बड़ी राशि के संबंध में पुलिस ने चालक से पूछताछ की, लेकिन चालक राशि के संबंध में कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे सका।

नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर संदिग्ध रूप से नकदी का परिवहन किए जाने तथा राशि के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने पूरी रकम धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर ली। जब्त राशि के स्रोत और उसके संबंध में अन्य तथ्यों की जांच जारी है। नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए पुलिस द्वारा नाकाबंदी एवं वाहन चेकिंग के जरिए संदिग्ध नकदी और अन्य गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है। उदयपुरवाटी में हुई इस कार्रवाई को इसी चुनावी निगरानी अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी रामपाल मीणा , उप निरीक्षक संतोष, कांस्टेबल अमित पायल तथा कांस्टेबल विकास शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल अमित पायल की विशेष भूमिका रही।

 

Advertisement