10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत 500 से अधिक विद्यार्थियों व शिक्षकों ने ली नशामुक्त रहने की प्रतिज्ञा
हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की शाखा ब्रह्माकुमारी पाठशाला, हाउसिंग बोर्ड की ओर से चलाए जा रहे 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत जोड़किया गांव स्थित पीएम श्री राजकीय सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 500 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा ली तथा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। विद्यार्थियों को स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
बी.के. खुशबू दीदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक कार्यों में लगाएंगे तो समाज और देश दोनों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार और अनुशासन अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और अपने मित्रों, परिजनों तथा आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल शारदा मैम ने ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने बी.के. खुशबू दीदी को समय-समय पर विद्यालय में इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया।
आयोजकों ने बताया कि 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का उद्देश्य देशभर में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता पैदा करना और अधिक से अधिक लोगों को नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।













