Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं नगरीय निकाय चुनाव 2026: कलेक्टर-एसपी ने मतदान दलों को दिए निर्देश

नगरीय निकाय चुनाव 2026: कलेक्टर-एसपी ने मतदान दलों को दिए निर्देश

कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने की मतदान दलों की ब्रीफिंग, संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने को कहा

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रथम चरण के मतदान से एक दिन पूर्व मंगलवार को सेठ मोतीलाल कॉलेज झुंझुनूं तथा पोद्दार कॉलेज नवलगढ़ में मतदान दलों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग तथा पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने मतदान दलों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र पर पहुंचने के बाद मतदान से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर यह सुनिश्चित करें कि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने मतदान दलों से कहा कि चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्वाचन नियमों की पालना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रत्येक मतदाता को स्वतंत्र एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान का अवसर मिले, इसके लिए मतदान दल पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं की जांच करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सामने आने वाली किसी भी समस्या का तत्काल संबंधित अधिकारी के संज्ञान में लाने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति सामने आने पर मतदान दल स्वयं स्थिति को बिगाड़ने के बजाय तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस को सूचना दें। एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से किए गए इंतजामों की जानकारी भी दी। उन्होंने मतदान दलों से पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया।

जिला प्रशासन एवं पुलिस ने स्पष्ट किया कि नगरीय निकाय चुनाव में स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। मतदान दलों को उनके दायित्वों एवं निर्वाचन प्रक्रिया से अवगत कराने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सूचना एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मतदान से एक दिन पहले हुई इस ब्रीफिंग से प्रशासन और पुलिस की चुनाव तैयारियों को अंतिम रूप मिला है। अब बुधवार को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

 

Advertisement