झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के जन्मदिवस के अवसर पर झुंझुनूं कांग्रेस कार्यालय में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस नेता अमित ओला के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ पौधारोपण किया और पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अमित ओला ने कहा कि पौधारोपण प्रकृति संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जन्मदिवस जैसे अवसरों को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर मनाने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय हालात के बीच अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी पर्यावरण संरक्षण के अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा आसपास के लोगों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करने की बात कही। कार्यक्रम में गिडानिया ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुमेर सिंह महला, युवा कांग्रेस नेता विकास गुर्जर, जिला परिषद सदस्य पंकज धनकड़, संदीप बुडानिया, संगीत गोठवाल, विद्याधर ज्यानी, ओमप्रकाश, राजकुमार, विजय सिंह, बजरंग लाल शर्मा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
Advertisement











