शिवानी सोनू मीणा के पक्ष में चुनाव मैदान से समर्थन, भाजपा नेता अमित चौधरी ने पटका पहनाकर किया अभिनंदन
हनुमानगढ़ । हिमांशु मिड्ढा
नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 16 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को वार्ड 16 से भाजपा प्रत्याशी शिवानी सोनू मीणा के समर्थन में निर्दलीय प्रत्याशी मनोज चोथवानी ने भाजपा को अपना समर्थन देने की घोषणा की। इस घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा नेता अमित चौधरी ने मनोज चोथवानी का भाजपा का पटका पहनाकर अभिनंदन किया और भाजपा परिवार में उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर मनोज चोथवानी ने कहा कि वे पिछले करीब 40 वर्षों से भाजपा समर्थक रहे हैं और पार्टी की विचारधारा में उनका विश्वास लगातार कायम है। उन्होंने कहा कि चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी शिवानी सोनू मीणा के समर्थन में खड़े होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ उनका जुड़ाव केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि वे भविष्य में भी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
मनोज चोथवानी ने कहा कि वार्ड के विकास और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए मजबूत नेतृत्व आवश्यक है। उन्होंने वार्डवासियों से भाजपा प्रत्याशी शिवानी सोनू मीणा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा के पक्ष में एकजुट होकर मतदान करने से क्षेत्र के विकास को गति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य वार्ड के हितों को प्राथमिकता देना और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक भूमिका निभाना है।
भाजपा नेता अमित चौधरी ने मनोज चोथवानी द्वारा भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने का स्वागत करते हुए कहा कि उनका निर्णय भाजपा के प्रति विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सहयोग से मजबूत होता है। वार्ड 16 में मनोज चोथवानी के समर्थन से पार्टी प्रत्याशी शिवानी सोनू मीणा को चुनावी मजबूती मिलेगी।
अमित चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता वार्ड के प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विकास के मुद्दों को रखेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य वार्ड में जनता के विश्वास को जीतकर मजबूत जनप्रतिनिधित्व स्थापित करना है।
मनोज चोथवानी के समर्थन की घोषणा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस घटनाक्रम के बाद वार्ड 16 में भाजपा प्रत्याशी शिवानी सोनू मीणा के चुनाव अभियान को और मजबूती मिलने की बात कही जा रही है। भाजपा समर्थकों ने वार्ड में घर-घर संपर्क कर मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करने का संकल्प लिया।











