Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ लिटिल हार्ट पब्लिक स्कूल में भव्य नंदोत्सव ने बांधा समां

लिटिल हार्ट पब्लिक स्कूल में भव्य नंदोत्सव ने बांधा समां

पौराणिक कथाओं एवं धार्मिक प्रसंगों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया भाव-विभोर

हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
लिटिल हार्ट पब्लिक स्कूल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की पावन स्मृति में भव्य नंदोत्सव कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, उल्लास एवं सांस्कृतिक वैभव के साथ किया गया। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी शानदार नृत्य-नाटिकाओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं एवं पौराणिक कथाओं को मंच पर जीवंत कर दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हनुमानगढ़ विधायक गणेश राज बंसल, तरुण विजय, प्रोफेसर श्रीमती सुमन चावला, अशोक सुथार एवं गुरप्रीत सिंह रहे। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों द्वारा श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण की रासलीला एवं मनमोहक झांकियों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं। इसके साथ ही रामायण एवं महाभारत के विभिन्न प्रसंगों को नृत्य-नाटिकाओं के माध्यम से प्रस्तुत कर बच्चों ने पौराणिक कथाओं को सजीव कर दिया। बाल कलाकारों के अभिनय, संवाद, नृत्य एवं भाव-भंगिमाओं ने उपस्थित अभिभावकों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण माँ दुर्गा द्वारा रक्तबीज संहार एवं भगवान शिव के अघोरी रूप पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति रही। शानदार वेशभूषा, संगीत, मंच सज्जा एवं सशक्त अभिनय ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती प्रियका बजाज, श्रीमती दीपा पोल एवं श्रीमती रश्मि धूड़िया द्वारा किया गया। तीनों ने अपने कुशल संचालन से कार्यक्रम को गरिमापूर्ण, क्रमबद्ध एवं आकर्षक बनाए रखा। मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में संस्कार, आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती दया गोयल एवं निदेशक विकास गोयल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा। विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग से नंदोत्सव एक यादगार सांस्कृतिक आयोजन बन गया। कार्यक्रम का समापन भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में “जय श्री कृष्ण” के जयघोष के साथ हुआ।

Advertisement