आज 9 निकायों में होगा लोकतंत्र का महापर्व, मतदाता लिखेंगे नई नगर सरकार की पटकथा, सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान; सभी बूथों पर पहुंच चुके मतदान दल, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में बुधवार को जिले के 9 नगरीय निकायों में मतदान होगा। चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और सभी मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके हैं। अब चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाताओं के हाथ में है। मतदान प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि प्रथम चरण में नगर परिषद झुंझुनूं तथा नगर पालिका बगड़, सुल्ताना, नवलगढ़, जाखल, मुकुंदगढ़, डूंडलोद, खेतड़ी और उदयपुरवाटी में मतदान कराया जाएगा।
बूथों पर पहुंची चुनावी टीम, व्यवस्थाएं मुकम्मल
मतदान को लेकर सभी मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन की ओर से चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी की गई है। चुनावी प्रचार के बाद अब वह घड़ी आ गई है, जब मतदाता अपने मताधिकार के जरिए प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। नगर निकायों की नई तस्वीर तय करने के लिए बुधवार को मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदाता मतदान में भाग लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाएं।
नौ निकायों में आज तय होगा सियासी भविष्य
झुंझुनूं, बगड़, सुल्ताना, नवलगढ़, जाखल, मुकुंदगढ़, डूंडलोद, खेतड़ी और उदयपुरवाटी में होने वाला मतदान प्रत्याशियों के लिए निर्णायक साबित होगा। प्रशासन तैयार है, मतदान दल बूथों पर पहुंच चुके हैं और अब लोकतंत्र की असली ताकत—मतदाता—की बारी है।











